
बैतूल। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल का आठनेर दौरे के दौरान स्वास्थ्य अचानक बिगड़ गया। गाड़ी में चढ़ते समय ऊंगली दबने, धूप और तेज डीजे की आवाज से उन्हें चक्कर आ गए। कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें एक निजी अस्पताल पहुँचाया, जहां प्राथमिक उपचार कर नारियल पानी पिलाया गया और आराम की सलाह दी गई।
बीएमओ डॉ. सचिन कुमार ने बताया कि लगातार दौरे, भीड़ और थकान से यह स्थिति बनी। उपचार के बाद खंडेलवाल पुनः रैली में शामिल हुए। इस दौरान साहू समाज ने उनका तुलादान किया और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जेसीबी से फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया। नगरभर में स्वागत कार्यक्रमों से माहौल उत्सवमय बन गया।
ज्ञात रहे कि हेमंत खंडेलवाल 1 जुलाई को प्रदेशाध्यक्ष बने थे और पिछले ढाई माह से लगातार प्रदेशभर में दौरे और बैठकों में व्यस्त हैं। डॉक्टरों के अनुसार, गर्मी और थकान के कारण चक्कर आना सामान्य स्थिति है।
