जानलेवा होते जा रहे सर्किट हाउस चौक के गड्ढे

सतना:शहर के सबसे प्रमुख स्थान सर्किट हाउस चौक की बद्तर  हालत न सिर्फ हर रोज कई राहगीरों की दुर्घटना का कारण बन चुकी है बल्कि यह जानलेवा भी होती जा रही है. लेकिन इसके बावजूद भी नगर निगम के जिम्मेदारों को यह स्थिति नजर ही नहीं आ रही है. इतना ही नहीं बल्कि वहां पर बने जानलेवा गड्ढे यह बताने के लिए काफी हैं कि सीवर लाइन के रेस्टोरेशन कार्य में कितनी गंभीरता बरती गई है.

वैसे तो शहर के सभी प्रमुख मार्ग सीवर लाइन के रेस्टोरेशन कार्य की विभीषिका झेल रहे हैं. लेकिन शहर के सबसे प्रमुख स्थान सर्किट हाउस चौक पर यह स्थिति आमजन के जानमाल की दुश्मन बनती नजर आने लगी है. चौक पर हुए गड्ढों में फंसकर हर दिन लगभग आधा दर्जन वाहन चालक चोटिल हो जाते हैं. जिसके पीछे की वजह अचानक गड्ढा सामने आने पर वाहन चालकों द्वारा अपने वाहन की दिशा मोड़ लेने के तौर पर सामने आता है.

इसी कड़ी में दो पहिया वाहनों से लेकर ई- रिक्शा के गड्ढों में फंसने के कारण कभी पंचर तो कभी टूट फूट झेलने के लिए मजबूर होना पड़ता है. वहीं इन गड्ढों के चलते मार्ग पर जाम की समस्या भी विकट होती जा रही है. यही स्थिति सर्किट हाउस चौक से स्टेशन रोड तक की बनी रहती है. इतना ही नहीं बल्कि सर्किट हाउस चौक से नगर निगम की ओर जाने वाला मार्ग की बदहाल हालत वहां के जिम्मेदारों को हर रोज आईना दिखाती है. लेकिन इसके बावजूद भी नगरवासियों को गड्ढा मुक्त सडक़ देने के नाम पर जिम्मेदार शासकीय तकनीकी शब्दावली में उलझाकर पल्ला झाड़ ले रहे हैं.
 ओवर ब्रिज भी खस्ताहाल
ओरवर ब्रिज की खस्ताहाल हो चुकी हालत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सडक़ का कोई भी हिस्सा वाहनों के चलने लायक नहीं बचा है. एक ओर जहां पूर्व में किया जा चुका ऊबड़-खाबड़ रेस्टोरशन राहगीरों की कमर तोड़ रहा है. वहीं दूसरी ओर मार्ग पर हो चुके गड्ढे बड़े हादसे को न्योता देते नजर आ रहे हैं. इतना ही नहीं बल्कि ओवर ब्रिज के स्पॉन को जोडऩे वाले स्थान पर गहरी दरारों ने भी इसे दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र में तब्दील कर दिया है.

Next Post

तुकोगंज में सहायक निर्देशक के घर चोरी की कोशिश नाकाम

Fri Sep 12 , 2025
इंदौर:तुकोगंज थाना क्षेत्र कि फिल्म इंडस्ट्री में सहायक निर्देशक के रूप में काम करने वाली युवती के घर चोरी की कोशिश करने वाले दो बदमाश पुलिस की गिरफ्त में आ गए. आरोपियों ने इंदौर में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए गुब्बारे बेचने का बहाना अपनाने की बात […]

You May Like