नयी दिल्ली, 11 सितंबर (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके सांसद संजय सिंह को श्रीनगर स्थित सरकारी गेस्ट हाउस में नजर बंद किया गया है।
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को एक वीडिया एक्स पर साझा कर कहा कि जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला हमारे सांसद संजय सिंह से मिलने गेस्ट हाउस पहुंचे लेकिन पुलिस ने उन्हें मिलने तक नहीं दिया। श्री सिंह को नजरबंद कर रखा है। जनता की आवाज दबाई जा रही है, विपक्ष के नेताओं को कैद किया जा रहा है। भाजपा खुली गुंडागर्दी पर उतर आयी है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अब्दुल्ला जो कि मौजूदा मुख्यमंत्री के पिता हैं, उन्हें भी आप राज्यसभा सांसद से उन्हीं के राज्य में मिलने नहीं दिया जा रहा है। ये सरासर गुंडागर्दी और तानाशाही है।
श्री सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि बहुत दुःख की बात है कि जम्मू-कश्मीर के कई बार मुख्यमंत्री रहे डॉ. अब्दुल्ला पुलिस द्वारा मुझे हाउस गिरफ्तार किए जाने की ख़बर पाकर मुझसे मिलने सरकारी गेस्ट हाउस में आए, उन्हें मिलने नहीं दिया गया। ये तानाशाही नहीं तो और क्या है?
इससे पहले श्री सिंह ने कहा, “तानाशाही चरम पर है। मैं इस वक्त श्रीनगर में हूं। लोकतंत्र में हक के लिए आवाज़ उठाना आंदोलन करना हमारा संवैधानिक अधिकार है। आज मेहराज मलिक की अवैध गिरफ़्तारी के खिलाफ श्रीनगर में संवाददाता सम्मेलन और धरना था लेकिन सरकारी गेस्ट हाउस को पुलिस छावनी बना दिया गया है। मुझे, पूर्व मंत्री इमरान हुसैन और साथियों को गेस्ट हाउस से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है।”
आप की वरिष्ठ नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है। तानाशाही अपने चरम पर है। हमारे सांसद संजय सिंह श्रीनगर पहुंचे थे, ताकि विधायक श्री मलिक की अवैध गिरफ़्तारी के खिलाफ संवादादाता सम्मेलन और धरना दे सकें, लेकिन भाजपा इतनी बौखलाई हुई है कि हमारे नेताओं को गेस्ट हाउस में ही कैद कर लिया गया। ये अघोषित आपातकाल है।
उल्लेखनीय है कि आप विधायक मलिक की गिरफ्तारी को लेकर सांसद संजय सिंह इस वक्त जम्मू कश्मीर में हैं। सुबह जब उन्होंने अपने कार्यक्रम के लिए बाहर निकलने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें बाहर नहीं आने दिया। श्री सिंह ने इस घटना का वीडियो भी एक्स पर साझा किया।

