ट्रम्प की व्यापार नीति से नुकसान को लेकर अमेरिकी बैंकों की चिंता बढ़ रही है

न्यूयॉर्क/नयी दिल्ली 11 सितंबर (वार्ता) गोल्डमैन सैक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डेविड सोलोमन भी अमेरिका के बैंकिंग क्षेत्र के उन दिग्गज नाम की सूची में जुड़ गए हैं जिनका मानना है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की व्यापार नीति से अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ना शुरू हो गया है।

इन लोगों की चिंता है कि श्री ट्रम्प की नीतियां मंदी का कारण बन सकती हैं क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप का व्यापार युद्ध विकास की संभावनाओं को प्रभावित कर रहा है।

गोल्डमैन सैक्स ग्रुप के सीईओ ने बुधवार को अमेरिकी समाचार चैनल सीएनबीसी के साथ बातचीत में कहा, “इसमें कोई संदेह नहीं है कि हमने कुछ रोज़गार आँकड़े देखे हैं जो संकेत देते हैं कि कुछ नरमी आई है। मुझे लगता है कि आपको इस पर बहुत बारीकी से नज़र रखनी होगी।”

अगस्त में अमेरिकी थोक मुद्रास्फीति में अनुमानों के विपरीत आई गिरावट के बावजूद श्री सोलोमन ने कहा कि उन्हें लगातार कीमतों में बढ़ोतरी के संकेत दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “व्यापार नीति पर अभी भी बातचीत चल रही है और उसे लागू किया जा रहा है। यह सब कहाँ तक पहुँचेगा, इस बारे में अनिश्चितता है और मेरे मन में कोई संदेह नहीं है कि इसका आर्थिक वृद्धि पर प्रभाव पड़ रहा है।”

इससे पहले जेपी मॉर्गन चेज़ एंड कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेमी डिमन ने मंगलवार को कहा था कि “अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है,” और रोजगार आंकड़ों में जिस तरह का संशोधन हुआ है उससे उनके बैंक के पहले के अनुमान की पुष्टि हुई है।

 

 

Next Post

दिल्ली यातायात पुलिस की अनोखी मुहिम, सड़क सुरक्षा संदेश को लेकर 762 छात्र प्रशिक्षित

Thu Sep 11 , 2025
नयी दिल्ली, 11 सितंबर (वार्ता) राजधानी दिल्ली की सड़कों को दुर्घटनामुक्त बनाने तथा उत्तरदायी चालन को प्रोत्साहित करने के लिए दिल्ली यातायात पुलिस ने व्यापक सड़क सुरक्षा अभियान आरंभ किया है। ‘चालाओ बुद्धिमानी से, रहो सुरक्षित – सुरक्षित दिल्ली की ओर’ के नारे के साथ चल रही इस मुहिम में […]

You May Like