कांग्रेस -भाजपा के बीच टकराव टला, भाजपा ने फूंका राहुल का पुतला

*पुलिस के सख्त प्रबंधों के चलते कांग्रेस भवन तक नहीं पहुंच सके भाजपाई, नदी गेट पर बनी हंगामे की स्थिति*

ग्वालियर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली दिये जाने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ग्वालियर में कांग्रेस कार्यालय के बाहर उग्र विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच हंगामे की स्थिति बन गयी। एक ओर भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्त्ता वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे लगा रहे थें। भाजपा ने कल ही कांग्रेस दफ्तर पर प्रदर्शन करने का ऐलान कर दिया था जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्त्ता भी तैयार थे। इधर, पुलिस ने हंगामे एवं दोनों दलों के दरम्यान टकराव की आशंका को देखते हुए कल रात से ही कांग्रेस कार्यालय को चारों ओर से बेरीकेड्स लगाकर घेर लिया था।

भाजपा और महिला मोर्चा के कार्यकर्त्ता दोपहर में रैली के रूप में कांग्रेस कार्यालय के सामने पहुंचे और राहुल गांधी के साथ ही जीतू पटवारी के खिलाफ नारेबाजी कर दिया। राहुल गांधी, जीतू पटवारी का पुतला दहन किया गया। इस बीच डीडी मॉल की ओर से कांग्रेस कार्यकर्त्ता भी वहां पहुंच गये। कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्त्ताओं के आमने -सामने आने पर हंगामे की स्थिति बन गयी। पुलिस दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच दीवार बनकर खड़ी हो गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बेरीकेड्स धकेल दिए तो कांग्रेस नेता कुलदीप कौरव पानी की बौछार छोड़ने आए पुलिस के वज्र वाहन पर चढ़ गए।

*ये भाजपा नेता रहे मौजूद, एसपी ने बनाए रखी नजर*

प्रदर्शन करने पहुंचे भाजपा के जत्थों में मुख्य रूप से सांसद भारत सिंह कुशवाहा, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री व संभाग प्रभारी श्रीमती खुशबू गुप्ता, पूर्व विधायक मुन्ना लाल गोयल, रामवरन गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया, वरिष्ठ नेता सत्येंद्र शर्मा, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष नीलिमा शिन्दे आदि उपस्थित रहे। ग्वालियर पुलिस प्रशासन द्वारा उपरोक्त विरोध प्रदर्शन के दौरान टकराव रोकने मजबूत बेरिकेडिंग की गई । पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह स्वयं यहां की गतिविधियों पर निगाह रखने गुरुद्वारा चौराहे पर मौजूद रहे।

*बरसात ने पुलिस का काम किया आसान, भीड़ के जोश पर फिरा पानी*

कांग्रेस दफ्तर के बाहर का इलाका दोपहर तक किसी अखाड़े की तरह लगने लगा था। एक तरफ भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम, झंडे, पोस्टर और जबरदस्त नारेबाजी, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के कार्यकर्ता मानो जैसे कोई जंग का मैदान. जैसे ही भीड़ बढ़ी, वैसे ही तनाव हवा में घुलता चला गया।

पुलिस पहले से सतर्क थी। कांग्रेस दफ्तर के चारों ओर बैरिकेड्स खड़े कर दिए गए थे, सड़कों पर जवान तैनात थे और अफसर खुद मौके पर मौजूद थे। नारेबाजी लगातार तेज होती रही। कभी भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के खिलाफ हुंकार भरते, तो कभी कांग्रेस समर्थक पलटवार करते। भीड़ में कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स लांघने को बेचैन हुए, धक्का-मुक्की का सिलसिला शुरू हुआ और पुलिस को दोनों तरफ से भीड़ को धकेलकर अलग करना पड़ा। इस सबके बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला जलाया.

तनाव अपने चरम पर था, आवाजें इतनी ऊंची कि कुछ देर को लगा माहौल बिगड़ ही जाएगा। लेकिन तभी आसमान ने करवट ली। घने बादल उमड़ पड़े, हवा तेज हुई और देखते-देखते बूंदें गिरने लगीं। कुछ ही मिनटों में हल्की रिमझिम ने मूसलाधार रूप ले लिया। जो भीड़ अभी तक नारे लगा रही थी, वह अचानक छतरी, पेड़ों और दुकानों की ओट में भागने लगी। झंडे भीगकर भारी हो गए, बैनर कागज़ की तरह गलने लगे, और भीड़ का जोश पानी में घुल गया। पुतले की राख नाली में बह निकली और सड़क पर सिर्फ भीगे पोस्टर और खाली बैरिकेड्स रह गए। पुलिस ने राहत की सांस ली। घंटों की मशक्कत, भारी बंदोबस्त और तनाव को जिस टकराव से बचाना मुश्किल लग रहा था, उसे आसमान से बरसी बौछार ने मिनटों में शांत कर दिया जो भिड़ंत सियासी अंदाज़ में तय थी, वह मौसम ने अपनी मर्जी से रोक दी।

Next Post

बिल्लोद नाहरगढ़ के बीच शिवना नदी पुल पर पानी से आवागमन बंद

Mon Sep 1 , 2025
नाहरगढ़। लगातार हो रही बारिश से बिल्लोद-नाहरगढ़ के बीच शिवना नदी पर बने पुल पर रविवार शाम से आवागमन बंद है। दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं और पुलिस, चौकीदार तथा लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी मौके पर तैनात हैं। अनुमान है कि स्थिति मंगलवार सुबह तक […]

You May Like

Play sound