इंजन में आग की चेतावनी के बाद दिल्ली लौटा एयर इंडिया का विमान

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (वार्ता) एयर इंडिया की दिल्ली से इंदौर जा रही एक उड़ान को रविवार सुबह टेकऑफ के तुरंत बाद इंजन में आग की चेतावनी के कारण दिल्ली वापस लौटना पड़ा जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग हुई।

सूत्रों ने बताया कि विमान में 90 से ज्यादा यात्री सवार थे।

फ्लाइट एआई2913 के दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही पायलट को विमान के दाहिने इंजन में आग की चेतावनी मिली। एहतियात बरतते हुये उस इंजन को बंद कर दिया गया और विमान को एक ही इंजन पर दिल्ली वापस लाया गया।

हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि सुबह 6.15 बजे एयरपोर्ट पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया।

एयर इंडिया ने घटना पर खेद व्यक्त करते हुये एक बयान में कहा कि विमान को निरीक्षण के लिए ग्राउंड कर दिया गया है और यात्रियों को दूसरे विमान से इंदौर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही नागर विमानन नियामक डीजीसीए को इसकी सूचना दे दी गयी है।

Next Post

दुनिया भर में भारतीय संस्कृति का प्रभाव : मोदी

Sun Aug 31 , 2025
नयी दिल्ली, 31 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि पूरी दुनिया में भारतीय संस्कृति का प्रभाव देखने को मिल रहा है। श्री मोदी ने आकाशवाणी पर प्रसारित मासिक ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा,“आप दुनिया के किसी भी कोने में चले जायें, वहां आपको भारतीय संस्कृति […]

You May Like

Play sound