इंदौर: श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल की अध्यक्षता में श्रम विभाग के कार्यों एवं योजनाओं को लेकर आज इंदौर में समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में मंत्री पटेल ने श्रम विभाग के अंतर्गत औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं, मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल, मध्यप्रदेश असंगठित शहरी एवं ग्रामीण कर्मकार कल्याण मण्डल के कार्यों आदि की समीक्षा की गई.
बैठक में मंत्री पटेल ने कहा कि श्रम विभाग द्वारा संचालित शिक्षा और तकनीकी संस्थानों में अध्ययनरत श्रमिकों के बच्चे लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जो सुखद संकेत है. भोपाल में स्थित श्रमोदय मॉडल आईटीआई में अध्ययनरत श्रमिकों के सभी बच्चों का प्लेसमेंट शत-प्रतिशत रहा. साथ ही पांच अन्य श्रमिक विद्यालय के बच्चों का प्रदर्शन भी बेहतर रहा. असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले श्रमिकों के बच्चों का ऑनलाईन पंजीयन तीव्रता से किया जा रहा है.
श्रम विभाग से जुड़े औद्योगिक विभाग एवं अन्य विभागों का ऑनलाईन प्रक्रिया शुरू हो गई है. बैठक में मंत्री श्री पटेल ने कहा कि श्रमिकों के बच्चों के लिए नरसिंहपुर में आईटीआई स्थापित होगा. साथ ही 17 स्थानों पर श्रमिक विभाग शालाओं का निर्माण किया जाएगा, जहां भोजन और पेयजल की व्यवस्था रहेगी. असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं उनके परिवार के बच्चों के कौशल प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
साथ ही निर्माण श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं में नवाचार तथा नवीन तकनीक का पूरा उपयोग किया जाएगा. बैठक में श्रम सचिव श्री रघुराज राजेन्द्रन, श्रमायुक्त रजनी सिंह, श्रम विभाग के अपर सचिव बंसत कुर्रे, अपर श्रमायुक्त प्रभात दुबे, औद्योगिक स्वास्थ्य सुरक्षा संचालक नमिता तिवारी, कर्मचारी राज्य बीमा सेवा संचालक सी.एस. जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे. बैठक में अधिकारियों ने भी अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए।
