पश्चिमी चंपारण: फर्जी शादी गिरोह का हुआ खुलासा, मैनाटांड़ से नौ गिरफ्तार

बेतिया, 27 अगस्त (वार्ता) बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटांड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक फर्जी शादी कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुये गिरोह के महिला और पुरुष समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

यह कार्रवाई बुधवार को नरकटियागंज एसडीपीओ जय प्रकाश सिंह के नेतृत्व में की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में मैनाटांड़ थाना के बौद्ध बरवा निवासी अली अहमद, लौरिया थाना के बहुअरी देवराज निवासी प्रमेश राम, शिकारपुर थाना के नंदपुर गांव निवासी राजा पांडेय, भंगहा थाना के चिउटंहा गांव निवासी नंदकिशोर राम और बगहा के मनोज साह के साथ चार महिलायें भी शामिल हैं।

एसडीपीओ जय प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बगहा और बेतिया क्षेत्र में एक ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो भोले- भाले पुरुषों, खासकर विधुरों को शादी का झांसा देकर मोटी रकम ऐंठता है। शादी के कुछ समय बाद दुल्हन घर से कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थी।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मैनाटांड़ क्षेत्र में छापेमारी की, जिसके दौरान सभी आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि गिरोह में शामिल महिलायें पहले से शादीशुदा थीं और इनका उद्देश्य केवल ठगी करना था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बोलेरो गाड़ी, दो बाइक और नौ मोबाइल फोन भी जब्त किये हैं। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

 

 

Next Post

स्कूल भर्ती घोटाले की जांच में ईडी ने तृणमूल कांग्रेस पार्षद को तलब किया

Thu Aug 28 , 2025
कोलकाता (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये के स्कूल भर्ती भ्रष्टाचार मामले में पूछताछ के लिए तृणमूल कांग्रेस की पार्षद माया साहा को तलब किया है। सुश्री माया इसी मामले में पूर्व में गिरफ्तार किए गए बुरवान के विधायक जीवन कृष्ण साहा की चाची हैं। उन्हें […]

You May Like

मनोरंजन