
इंदौर. गुजराती कॉलेज की सेकेंड ईयर की छात्रा पांच दिन से रहस्यमय ढंग से लापता है। परिजन अब हर संभव जतन कर उसकी तलाश कर रहे हैं. सुरक्षित वापसी की उम्मीद में घर की चौखट पर उसकी उल्टी तस्वीर टांगी गई है. साथ ही घोषणा की गई है कि जो भी उसे ढूंढकर घर लाएगा, उसे 51 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा.
छात्रा के गायब होने के बाद से परिजन लगातार परेशान हैं, उनका मानना है कि तस्वीर उल्टी टांगने से गुमशुदा व्यक्ति वापस लौट आता है. इसी विश्वास के चलते उन्होंने यह कदम उठाया है. परिवारजन और मित्र लगातार सोशल मीडिया पर भी अपील कर रहे हैं कि किसी के पास भी कोई जानकारी हो तो तुरंत साझा करें. छात्रा घर से बिना मोबाइल लिए निकली थी और तब से उसका दोस्तों से भी संपर्क नहीं हुआ है. मामले में एमआईजी पुलिस अब तक तीन जगह से सीसीटीवी फुटेज जुटा चुकी है. शुरुआती फुटेज में वह घर के पास से जाती हुई दिखी और फिर लोटस शोरूम के सामने से एमआर-4 की ओर जाती नजर आई. इन आधार पर आशंका जताई जा रही है कि वह उज्जैन की ओर भी जा सकती है. जांच के दौरान पुलिस ने उसकी एक सहेली से पूछताछ की. इसमें सामने आया कि घर में परिजन की फटकार के बाद वह नाराज थी. फिलहाल पुलिस की टीमें लगातार फुटेज खंगाल रही हैं और संभावित स्थानों पर तलाश जारी है.
