
इटारसी।गणेश उत्सव के अवसर पर इटारसी के रेलकर्मी इस वर्ष भी इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं तैयार कर रहे हैं। इस पहल में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ देशभक्ति और मेड इन इंडिया की झलक देखने को मिलेगी।
चीफ यार्ड मास्टर विनोद चौधरी, जो पिछले दस वर्षों से स्वच्छ पर्यावरण को लेकर सक्रिय हैं, ने अपने सहयोगी रेलकर्मियों और परिवारजनों के साथ मिलकर इस बार “ऑपरेशन सिंदूर” और मेड इन इंडिया थीम पर आधारित प्रतिमाओं का निर्माण किया है। प्रतिमाओं में मिट्टी से बने श्री गणेश के एक हाथ में सिंदूर की डिब्बी और दूसरे हाथ की चुटकी में सिंदूर है। जिस गोल पट्टे पर भगवान गणेश विराजमान हैं, उस पर पाकिस्तान का नक्शा अंकित है, जहाँ भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया था। प्रतिमाओं के आधार पर मेड इन इंडिया का स्लोगन और रामचरितमानस की पंक्तियाँ भी अंकित की गई हैं। इस अभियान के तहत इस वर्ष लगभग सवा सौ प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं, जिन्हें निशुल्क वितरित किया जाएगा। इस कार्य में रेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, उनकी पत्नियाँ और बच्चे भी सहयोग कर रहे हैं। प्रतिमा निर्माण में सहयोग देने वालों में डिप्टी एसएस विनोद कुशवाह, दिलीप यादव, गोपाल कुशवाह, आनंद तिवारी, ऋषिराज तिवारी, श्रीमती अर्चना चौधरी, सोनाली, अंजलि तिवारी, रचना तिवारी, अनुष्का चौधरी और आयुष चौधरी का विशेष योगदान रहा।
