कांग्रेस आदिवासियों, ओबीसी का आरक्षण छीनने का कर रही है प्रयास: यादव

आजमगढ़/देवघर, 23 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर हमला करते हुए कहा कि इन्होंने आदिवासियों, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का आरक्षण छीनने का प्रयास कर रही है।

डॉ यादव ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और झारखंड़ के देवघर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा की। मुख्यमंत्री देवघर में जनसभा के बाद बुद्धिजीवी सम्मेलन में भी सहभागिता की। इससे पहले वे बिहार के गया में भी स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल हुए। आजमगढ़ में हुए रोड शो में डॉ यादव के साथ रथ पर स्व. मुलायम सिंह यादव की बहू श्रीमती अर्पणा यादव भी मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सदैव सबका साथ सबका विकास की बात करती आई है और धर्म के आधार पर आरक्षण का विरोध करती आई है। अब तो उच्च न्यायालय ने भी निर्णय कर दिया है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा जिस प्रकार से राजनीतिक तुष्टिकरण के आधार पर एससी-एसटी, ओबीसी के 5 लाख से ज्यादा लोगों का आरक्षण एक वर्ग विशेष को दिया है। उच्च न्यायालय ने फैसला दिया है कि इसे वापस लेकर इनका हक एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को देना चाहिए। यही गलती कांग्रेस ने भी कर्नाटक और आंध्रप्रदेश में की है। वहां की सरकारों ने भी आदिवासियों, ओबीसी का आरक्षण एक वर्ग विशेष को दिया है। वर्ग विशेष को आरक्षण देना ये एससी-एसटी और ओबीसी का न केवल हक काटने के बराबर है, बल्कि उनके साथ अन्याय करने जैसा है।

डॉ यादव ने कहा कि यह बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर और हमारे संविधान की मूल भावना के भी विरुद्ध है। मूल भावना में कहा गया था कि धर्म के आधार पर आरक्षण इस देश में नहीं दिया जा सकता। जो संविधान के बाहर जाकर केवल राजनीतिक स्वार्थ और तुष्टिकरण के कारण कांग्रेस, ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी और अन्य बाकी पार्टियां इस लाइन पर जा रही हैं वे इसकी घोर निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्णय के बाद तो सब कुछ जगजाहिर हो चुका है। इसके बाद इन्हें माफी मांगना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में कहा कि देश के कुछ राज्यों में घमंडिया गठबंधन की सरकार है और इन्होंने कुर्सी की खातिर सारी हदें पार कर दी है। सुश्री बनर्जी कह रही हैं कि उच्च न्यायालय के फैसले को नहीं मानती। जनता सब जानती है। जनता इसके बारे में फैसला करेगी।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान को नमन करते हैं, जिसके आधार पर उन्होंने धर्म आधारित आरक्षण का विरोध किया था, लेकिन कांग्रेस और उनके घमंडिया गठबंधन के लोग तो बाबा साहेब का भी विरोध करने वाले लोग हैं। इनके सारे गठबंधन से कांग्रेस के लोगों ने तो बाबा साहेब का चित्र भी नहीं लगने दिया। यह सारे घमंडिया गठबंधन के लोग हैं यह केवल अपने स्वार्थों के कारण सरकार बनाना चाहते हैं। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देना चाहेंगे, जिन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का न केवल चित्र लगाया, बल्कि बाबा साहब की जन्मस्थली से लेकर उनसे जुड़े स्थानों को भी रेखांकित किया।

डॉ यादव ने आजमगढ़ में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान भीषण गर्मी में भी लोगों का उत्साह एवं जोश देखने लायक था। रोड शो में मुख्यमंत्री ने भी जनता का भरपूर अभिनंदन करते हुए आभार माना। इतनी भीषण गर्मी में भी लोग अपने घरों से मुख्यमंत्री पर पुष्प वर्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री भी लगातार लोगों पर फूल बरसाते हुए चल रहे थे। हर तरफ माहौल भाजपामय था।

Next Post

छोटे उद्योगों के लिए नई परिभाषा लिखी मोदी ने: पीयूष

Thu May 23 , 2024
नयी दिल्ली 23 मई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने छोटे कारोबारियों के लिए नई परिभाषा लिखी है, जिससे उन्हें अनेक लाभ मिल रहे हैं। श्री […]

You May Like