मानवाधिकार आयोग ने ओडिशा में लड़की के आत्मदाह मामले में लिया स्वत: संज्ञान

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में एक लड़की की कथित आत्मदाह से हुयी मौत के मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में जांच की स्थिति और विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लड़की ने यह कदम पूर्व पुरुष मित्र द्वारा उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देने और पुलिस की कथित निष्क्रियता के बाद उठाया है।

आयोग ने उस मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है, जिसके अनुसार 6 अगस्त, 2025 को ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में एक 19 वर्षीय लड़की ने आत्मदाह कर जान दे दी थी। पुलिस पर आरोप है कि लड़की के पूर्व पुरुष मित्र द्वारा ब्लैकमेल करने की शिकायत पर लगभग छह महीने तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी। वह लड़की की अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी दे रहा था।

आयोग ने कहा कि यदि समाचार रिपोर्ट की सामग्री सत्य है, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मुद्दा है। इस संबंध में आयोग ने ओडिशा के पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर मामले में जांच की स्थिति और विस्तृत रिपोर्ट दो हफ़्ते में मांगी है।

मीडिया में 7 अगस्त, 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, लड़की केंद्रपाड़ा ज़िले के एक कॉलेज में पढ़ती थी। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि उसका एक पूर्व पुरुष मित्र उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। उसने करीब छह महीने पहले पुलिस के समक्ष इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन इस मामले में अपराधी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई और न कोई प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। इससे क्षुब्ध होकर मजबूरन लड़की को वह कदम उठाना पड़ा।

Next Post

भारतीय प्रबंधन संस्थान विधेयक विपक्ष के बहिर्गमन के बीच राज्यसभा में ध्वनिमत से पारित

Wed Aug 20 , 2025
नयी दिल्ली 20 अगस्त (वार्ता) राज्यसभा ने असम के गुवाहाटी में भारतीय प्रबंधन संस्थान खोलने से संबंधित भारतीय प्रबंधन संस्थान (संशोधन) विधेयक 2025 बुधवार को विपक्ष के बहिर्गमन के बीच ध्वनिमत से पारित कर दिया। इसके साथ ही विधेयक पर संसद की मुहर लग गयी है लोकसभा इसे पहले ही […]

You May Like