
राजगढ़। राजगढ़ निवासी कक्षा 9 वीं का एक छात्र रविवार की सुबह अचानक एकाएक लापता हो गया. परिजन, पुलिस एवं मिलने-जुलने वाले बालक की तलाश में जुटे है. बालक राजगढ़ रहने वाले पटवारी अनुराग सारई का है जिसका नाम आदित्य है.
जानकारी के अनुसार राजगढ़ स्थित गणेश चौक तिलक मार्ग निवासी पटवारी अनुराग सराई का पुत्र आदित्य सारई जो कि स्वामी विवेकानंद स्कूल की कक्षा 9 वीं का छात्र है. वह रविवार की सुबह 9 बजे अचानक घर से कहीं चला गया. बालक किसके साथ गया और क्यों गया इसकी तलाश की जा रही है.
पुलिस को सूचना मिलते ही पुलिस ने सभी ओर अपनी चौकसी बढ़ा दी है. परिजनों के अनुसार बालक सहज, सरल स्वभाव का है.
देर तक नहीं लौटा तब चिंतित हुए परिजन
सुबह घर से निकला बालक देर बाद भी नहीं लौटा तो परिजनों ने सोचा कि रविवार होने के चलते किसी दोस्त के यहां गया होगा . जब कई घंटे बीतने के बाद भी वह नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन शुरु की. नगर भर में, पिकनिक वाले स्थानों, मंदिर सहित अन्य जगह पर बालक को खोजा गया किंतु उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया. परिजनों द्वारा कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना देने के बाद पुलिस द्वारा गहन तलाशी की जा रही है.
सीसीटीवी से पता लगा इंदौर बस में बैठा बालक
पुलिस द्वारा बालक को तलाशने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे है. जानकारी के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में बालक राजगढ़ से इंदौर जाने वाली बस में बैठा हुआ नजर आने की जानकारी मिली है.
पुलिस द्वारा इस दिशा में तलाश शुरु कर दी है. सीसीटीवी फुटेज के अनुसार बालक की तलाश की जा रही है. कोतवाली थाना प्रभारी हरिओम रघुवंशी के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में प्रात: 10 बजे राजगढ़ से इंदौर जाने वाली बस में बालक सवार होता हुआ दिखाई दिया है.
फुटेज के अनुसार उसी दिशा में सरगर्मी के साथ बालक की तलाश की जा रही है. पुलिस ने इंदौर के साथ ही रास्तों के सभी थाना प्रभारियों को सूचित करते हुए सरगर्मी के साथ उसकी तलाश की जा रही है.
परिवार का मोबाईल लेकर गया बालक
पुलिस के अनुसार बालक आदित्य सारई उसके परिवार के किसी सदस्य का मोबाईल साथ लेकर गया है. उसके पास खुद का तो कोई मोबाईल नहीं था लेकिन वह परिवार के सदस्यों का मोबाईल चलाता रहता था.
आदित्य जो मोबाईल साथ ले गया है वह पुराना तो है लेकिन एण्ड्राईड ही है. ऐसे में पुलिस तमाम आशंकाओं की ओर ध्यान देते हुए अपनी जांच-पड़ताल में लगी है. मोबाईल बंद भी बता रहा है. पुलिस ने चहुंओर अपनी चौकसी बड़ाई है ताकि बालक को सकुशल वापस लाया जा सके.
