नयी दिल्ली, 13 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने बुधवार को यहां विज्ञान भवन में ‘भारत स्टील’ के आधिकारिक लोगो, ब्रोशर और वेबसाइट का अनावरण किया।
द्वितीयक इस्पात क्षेत्र के लिए आयोजित एक कार्यशाला के दौरान इनका अनावरण किया गया। इस मौके पर इस्पात सचिव संदीप पौंड्रिक और इस्पात मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
‘भारत स्टील’ इस्पात मंत्रालय द्वारा आयोजित इस्पात इकोसिस्टम की प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन-सह-प्रदर्शनी है। इसका आयोजन 16-17 अप्रैल 2026 को यहां भारत मंडपम किया जायेगा। यह कार्यक्रम वैश्विक उद्योग जगत के प्रमुखों, नीति निर्माताओं, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं और निवेशकों को देश की क्षमताओं का प्रदर्शन करने, हरित और टिकाऊ इस्पात निर्माण को बढ़ावा देने और घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अवसरों की खोज करने के लिए एक साथ लाएगा।
‘भारत स्टील’ में विषयगत सत्र, क्षेत्रीय गोलमेज सम्मेलन, राज्य और राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन, सीईओ सम्मेलन, प्रौद्योगिकी प्रदर्शनियां, क्रेता-विक्रेता बैठकें और प्राथमिक तथा द्वितीयक इस्पात क्षेत्रों की व्यापक भागीदारी शामिल होगी। देश और विदेश की सबसे बड़ी इस्पात प्रदर्शनी बनने के अपने दृष्टिकोण के साथ इस प्रदर्शनी का लक्ष्य देश को वैश्विक इस्पात उद्योग में नवाचार, सहयोग और निवेश का केंद्र बनाना है।
