युवराज सिंह ने भारतीय महिला टीम को खिताब जीतने के लिए एक मूलमंत्र दिया है। उन्होंने खिलाड़ियों को खुद पर भरोसा रखने के लिए कहा।
भारतीय टीम के पूर्व स्टार खिलाड़ी युवराज सिंह महिला वर्ल्ड कप के ट्रॉफी अनावरण में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भारतीय महिला टीम को खिताब जीतने का मूलमंत्र भी दिया। महिला वर्ल्ड की शुरुआत 30 सितंबर से होगी। वहीं इस टूर्नामेंट का फाइनल 2 नवंबर को खेला जाएगा।
युवराज सिंह ने 2011 वनडे वर्ल्ड कप के दौरान कई यादगार पारियां खेली थी। वो इस वर्ल्ड कप के बेस्ट खिलाड़ी रहे थे। युवराज ने अपना तजुर्बा शेयर करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को विश्वास रखना होगा कि वो देश के लिए मैच जीत सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैच में परिस्थिति के अनुसार खेलना बहुत जरूरी होता। जैसी परिस्थिति हो उस तरह से ही खेलना चाहिए। इसके अलावा आप हमेशा वर्तमान में बने रहने की कोशिश करें।
भारतीय टीम के पास इतिहास रचने का मौका
युवराज ने भारतीय महिला टीम को कहा कि यह आपके लिए इतिहास रचने का सबसे अच्छा मौका है। लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि आप पहले मैच से ही चैंपियन बनने के बारे में सोचने लग जाओ। आपको एक-एक को जीतकर वहां तक पहुंचना है। आपको इस पूरी प्रकिया में कड़ी मेहनत करनी होगी और परिणाम को अपने अनुकूल बनाना होगा। आपको खुद पर भरोसा रखना होगा कि आप देश के लिए मुकाबला जीत सकते हैं।
