मुंबई, 08 अगस्त (वार्ता) विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूँजी बाजार में जारी बिकवाली के बीच देश के विदेशी मुद्रा भंडार में आठ महीने की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गयी है।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को बताया कि 01 अगस्त को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 9.322 अरब डॉलर घटकर 688.871 अरब डॉलर रह गयी जो तीन महीने का न्यूनतम स्तर है। साथ ही यह नवंबर 2024 के बाद की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट भी है।
आलोच्य सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 7.319 अरब डॉलर घटकर 581.607 अरब डॉलर रह गया। इस दौरान स्वर्ण भंडार भी 1.706 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 83.998 अरब डॉलर पर आ गया।
विशेष आहरण अधिकार 23.7 करोड़ डॉलर और आईएमएफ के पास आरक्षित निधि 5.9 करोड़ डॉलर घट गया। ये क्रमशः 18.572 अरब डॉलर और 4.694 अरब डॉलर पर रहे।
