दतिया: कस्बा इंदरगढ़ कृषि उपज मंडी में लगे गांधी धर्मकांटे की खराबी को लेकर व्यापारियों ने नाराजगी जाहिर की है। तौल में गड़बड़ी की लगातार मिल रही शिकायतों से परेशान व्यापारियों और किसानों ने मोर्चा खोलते हुए मंडी सचिव को सामूहिक ज्ञापन सौंपा।व्यापारियों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से धर्मकांटा ठीक से काम नहीं कर रहा है। नापतौल में अंतर आने से न सिर्फ व्यापारियों को घाटा हो रहा है बल्कि किसान भी आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं।
व्यापारियों ने मंडी सचिव से मांग की है कि जब तक गांधी धर्मकांटे की मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक उसका उपयोग पूरी तरह से बंद किया जाए। व्यापारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि मंडल स्तर पर सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि सभी व्यापारी तब तक गांधी धर्मकांटे पर तौल नहीं कराएंगे, जब तक मशीन को दुरुस्त नहीं किया जाता। मंडी प्रभारी विजन जादोन ने बताया कि व्यापारियों ने ज्ञापन सौंपा है। जल्द समाधान किया जाएगा।
