वोक्स बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध है : रूट

लंदन 04 अगस्त (वार्ता) इंग्लैंड के ऑलराउंडर जो रूट ने कहा है कि चोटिल तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स कंधे की चोट के बावजूद ओवल टेस्ट के आखिरी दिन बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध हैं।
वोक्स ने रविवार को स्टेडियम के इनडोर फैसल्टी में एक हाथ से बल्लेबाजी का अभ्यास किया और शाम के सत्र में अपनी किट पहने भी नजर आए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वह नंबर 11 पर बल्लेबाजी कर सकें। इंग्लैंड को जीत के लिए 35 रन और चाहिए और उनके पास चार विकेट शेष हैं। जो रूट ने कहा कि वोक्स की तैयारी यह दिखाती है कि वह टीम के लिए कितने समर्पित हैं।
रूट ने कहा, “वह शेष खिलाड़ियों जैसे पूरी तरह से तैयार हैं। यह ऐसी सीरीज रही है, जिसमें खिलाड़ियों को अपनी सीमाओं से आगे जाना पड़ा है। हालांकि उम्मीद है कि हमें उनकी आवश्यकता नहीं पड़ेगी। लेकिन उन्होंने आज थ्रोडाउन लिए हैं और वह टीम के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं।”
यह देखना बाकी है कि वोक्स दाएं हाथ से बल्लेबाजी करने का प्रयास करेंगे या चोट के कारण बाएं हाथ से बल्लेबाजी करेंगे, जैसे एक बार सलीम मलिक ने किया था। या हो सकता है कि वह मैल्कॉम मार्शल की तरह एक हाथ से खेलें।
उन्होंने कहा, “इस बारे में मुझे नहीं पता। मैंने उन्हें अभी अभ्यास करते नहीं देखा है। शायद सुबह अगर वह थ्रोडाउन लेते हैं, तो जरूर साफ हो जाएगा।”
इंग्लैंड ने अभी वोक्स की चोट की पूरी जानकारी नहीं दी है और मैच के बाद वह स्कैन के लिए जाएंगे। लेकिन उनके इस समर में दोबारा खेलने की संभावना बहुत कम है और 21 नवंबर से पर्थ में शुरू होने वाले पहले ऐशेज टेस्ट में भी वह शायद ही खेल सकें।
रूट ने कहा, “यह स्पष्ट है कि वह काफी दर्द में हैं। इस सीरीज में कई खिलाड़ियों को चोट लगी, फिर भी वे खेलते रहे। पंत ने टूटी टांग के साथ बल्लेबाजी की, टीम के लिए यह बहुत मायने रखता है। यह दिखाता है कि उनमें कितना जज़्बा है। उम्मीद है कि वोक्स को ऐसा ना करना पड़े, लेकिन अगर करना पड़ा तो वह हमें जीत दिलाने के लिए उतरेंगे।”
रूट ने कहा कि उनका मानना है कि उनके पास निचले क्रम में ऐसे बल्लेबाज है जो शेष 35 रन बना सकते है और भारत को सीरीज ड्रॉ करने से रोक सकते है। उन्होंने कहा कि मेजबान टीम सोमवार को पहली एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी अपने नाम करेगी।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि हमारे पास वह सब कुछ है, जो हमें जीत दिला सकता है। यह एक शानदार सीरीज़ रही है और हमारे ड्रेसिंग रूम में आत्मविश्वास है। हमें भरोसा है कि हमारे पास वे खिलाड़ी हैं, जो हमें जीत दिला सकते हैं। लेकिन यह उन सीरीज में से एक है, जहां हर मैच में दोनों टीमों के पास बढ़त बनाने का अवसर था। हमें कल एक शानदार दिन देखने को मिलेगा।”
इंग्लैंड को सोमवार सुबह भारी रोलर इस्तेमाल करने का अवसर मिलेगा, जिससे रविवार की तरह उन्हें रन बनाने में मदद मिल सकती है, क्योंकि इससे नमी शुरुआती आधे घंटे में पिच में समा जाती है।
रूट ने कहा, “इंग्लैंड के लिए भारी रोलर इस सीरीज में हर बार फायदेमंद रहा है। उम्मीद है कि कल भी यह हमारी मदद करेगा और पिच को सपाट बनाएगा।”
वहीं भारत के गेंदबाज़ी कोच मोर्ने मॉर्केल को इसकी चिंता नहीं है। उन्होंने कहा, “कल हम बस अच्छे से अभ्यास करेंगे ताकि लड़के तैयार रहें और सही एरिया में गेंदों को फेंक फिर से रोमांच पैदा करें।”

Next Post

पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को 13 रनों से हराया और सीरीज भी जीती

Mon Aug 4 , 2025
लॉडरहिल, 04 अगस्त (वार्ता) सैम अयूब (66 रन/एक विकेट) तथा साहिबजादा फरहान (74) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान ने तीसरे टी-20 मुकाबले में सोमवार को वेस्टइंडीज को 13 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। 190 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी […]

You May Like