अफगानिस्तान, तुर्कमेनिस्तान ने तोरघुंडी अंतर्देशीय बंदरगाह में निवेश समझौते पर किया हस्ताक्षर

मास्को, 01 अगस्त (वार्ता/स्पुतनिक) अफगानिस्तान और तुर्कमेनिस्तान ने अफगानिस्तान के हेरात प्रांत में तोरघुंडी अंतर्देशीय बंदरगाह के विकास एवं विस्तार के लिए एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किया है। यह जानकारी टोलो समाचार एजेंसी ने शुक्रवार को दी।

समाचार एजेंसी के अनुसार, समझौते के अंतर्गत बंदरगाह विस्तार के लिए शुरुआती निवेश कुल 50 लाख डॉलर है तथा इस परियोजना में गोदामों का निर्माण एवं वाणिज्यिक माल लदान के लिए नयी सुविधाओं का डिज़ाइन शामिल है।

एजेंसी ने कहा कि अफगानिस्तान के लोक निर्माण मंत्रालय ने पुष्टि की है कि अफगानी रेलवे निदेशालय और तुर्कमेनिस्तान की सरकारी रेलवे निर्माण कंपनी डेमिरोलरी गुरलिस्यक (तुर्कमेन रेलवे कंस्ट्रक्शन) के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

समाचार पत्र के अनुसार, यह समझौता एक व्यापक द्विपक्षीय पहल का हिस्सा है जिसका उद्देश्य दोनों देशों की रेलवे प्रणालियों में सामंजस्य स्थापित करना तथा सीमा पार व्यापार को बढ़ावा देना है।

टोलो न्यूज ने लोक निर्माण मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद अशरफ हक्शेनस के हवाले से कहा कि समझौते में तोरघुंडी-हेरात रेलवे लाइन के साथ माल की ढुलाई के लिए नए गोदामों एवं सुविधाओं के निर्माण की रूपरेखा मौजूद है।

अप्रैल में कजाकिस्तान एवं अफगानिस्तान ने तोरघुंडी-हेरात-कंधार-स्पिन बोल्डक रेलवे परियोजना के एक भाग के रूप में तोरघुंडी-हेरात रेलवे के निर्माण के लिए एक समझौता किया था।

श्री हक्शेनस ने कहा कि निवेश तुर्कमेनिस्तान द्वारा किया जाएगा हालांकि कार्यान्वयन राष्ट्रीय कानूनों के अधीन अफगान क्षेत्र में होगा। उन्होंने आगे कहा कि सुविधाओं से प्राप्त राजस्व के माध्यम से तुर्कमेन कंपनी को लागत की प्रतिपूर्ति की जाएगी।

तुर्कमेनिस्तान को अफगानिस्तान के प्रमुख आर्थिक एवं व्यापारिक साझेदारों में से एक माना जाता है। टोलो न्यूज ने कहा कि बिजली, तेल और गैस के आयात के अलावा, अफगानिस्तान तुर्कमेनिस्तान के साथ प्रमुख क्षेत्रीय परियोजनाओं जैसे कि टीएपीआई (तुर्कमेनिस्तान-अफगानिस्तान-पाकिस्तान-भारत गैस पाइपलाइन), फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क और रेलवे विकास पर सहयोग करता है।

 

 

Next Post

उर्वरक विक्रय लायसेंस निरस्त

Fri Aug 1 , 2025
रीवा।मेसर्स इन्द्रलाल गुप्ता गंगेव का उर्वरक विक्रय लायसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है. उल्लेखनीय है कि उर्वरक गुण नियंत्रण कार्यक्रम 2025-26 के तहत संबंधित विक्रेता के यहां से सिंगल सुपरफास्फेट का नमूना जांच में अमानक पाया गया था तदनुक्रम में रजिस्ट्रीकरण प्राधिकारी एवं उप संचालक किसान कल्याण […]

You May Like