
ग्वालियर। ग्वालियर में लगातार हो रही बारिश अब आमजनों के लिए आफत बन गई है. आज दोपहर अचानक एक मकान भरभराकर गिर गया. इसमें रहने वाला परिवार जैसे तैसे बाहर सुरक्षित निकला, लेकिन मंबेशियों की मलबे में दबने से मौत हो गई. यह घटना भितरवार कस्बे के वार्ड नंबर 14 की है. यह मकान इस इलाके में रहने वाले भीखम सेन का था. जिस समय यह मकान गिरा उस वक्त भीखम, उसकी पत्नी और बेटा घर के अंदर ही थे. जैसे ही छत गिरी पति और पत्नी अपने बेटे को लेकर फटाफट बाहर की तरफ भागे. हालांकि जैसे ही परिवार बाहर आया अचानक मकान का एक बड़ा हिस्सा ध्वस्त होकर नीचे गिर गया. इस हादसे में परिवार के तीनों सदस्यों की जान तो बच गई, लेकिन मवेशियों की मौत हो गई. बताया गया है कि घटना का शिकार परिवार अत्यंत गरीब हैं और किराये के मकान में रहता था और पशु पालन कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा है।
