नयी दिल्ली 23 जुलाई (वार्ता) भारतीय तटरक्षक बल के लिए बनाये जा रहे दूसरे स्वदेशी प्रदूषण नियंत्रण पोत ‘समुद्र प्रचेत’ का बुधवार को गोवा में जलावरण किया गया।
गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (जीएसएल) इस समुद्री पोत को बना रहा है और इसकी लंबाई 114.5 मीटर, चौड़ाई 16.5 मीटर और वजन 4,170 टन है। दोनों प्रदूषण नियंत्रण पोत अत्याधुनिक उपकरणों से लैस किये जा रहे हैं और ये विशेष आर्थिक क्षेत्र में तेल रिसाव की किसी भी तरह की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में तटरक्षक बल की मदद करेंगे।
‘समुद्र प्रचेत’ का जलातवरण मुख्य अतिथि श्रीमती प्रिया परमेश ने बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि की मौजूदगी में किया। समारोह में जीएसएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ब्रजेश कुमार उपाध्याय और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
बल के महानिदेशक ने समुद्री क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण पोत के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बल की पोत निर्माण आवश्यकताओं को स्वदेशी रूप से पूरा करने के लिए जीएसएल और उद्योग द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सभी से रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। पहले प्रदूषण नियंत्रण पोत ‘समुद्र प्रताप’ का जलावतरण पिछले वर्ष अगस्त में किया गया था और इसे जल्द ही बल के बेड़े में शामिल किये जाने की की उम्मीद है।

