
मुलताई। नगरपालिका की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण कारण नगरपालिका के कर्मचारियों की दो माह से वेतन नहीं मिल पाया है।जिसके चलते सफाई कर्मचारियों एवं छोटे कर्मचारियों का घर चलना मुश्किल ही गया। वहीं जिन कर्मचारियों ने बैंक से ऋण ले रखा है,उनकी ईएमआई भी समय पर जमा नहीं होने के कारण उनकी साख ख़राब हो रही है। जिसके चलते मंगलवार को नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों ने सीएमओ वीरेंद्र तिवारी से मिलकर अपनी समस्या से अवगत कराया। सीएमओ तिवारी ने बताया की पुरे प्रदेश में नगरपालिकाओं के कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा। मुलताई नगरपालिका में सभी कर्मचारियों का वेतन 60 लाख रुपए होता है, लेकिन नगरीय प्रशासन विकास विभाग से 25 से 28 लाख रुपए ही मिलते है. जिसमे नगरपालिका स्थानीय स्तर पर होने वाली आय से कर्मचारियों का वेतन करता है। वर्तमान में निकाय की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होने सफाई कर्मचारियों को रक्षा बंधन के पहले 5 तारीख को 5 हजार रुपए महिला सफाई कर्मचारियों को वेतन मे से देने का आश्वासन दिया। वहीं नगरपालिका पहुंचे महाराष्ट्र बैंक के प्रबंधक से सफाई कर्मचारियों को आवश्यकता अनुसार ऋण उपलब्ध कराने की बात कही. जिस पर शाखा प्रबंधक ने भी आश्वासन दिया है।
