
शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के मकलीझरा गांव में एक 17 वर्षीय युवती की नदी में डूबने से मौत हो गई। वह अपनी मां और नानी के साथ खेत पर टमाटर की पौध लगाने गई थी, जहां पास बह रही नदी में शौच के लिए उतरने पर उसका पैर फिसल गया। तैरना नहीं आने से वह बहाव में बह गई।
मृतका शिवानी अपनी मां मुन्नी और नानी के साथ खेत पर पहुंची थी। वह खेत के पास बह रही नदी में शौच के लिए गई, तभी उसका संतुलन बिगड़ा और वह फिसलकर गहरे पानी में चली गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीण शिवानी के डूबने की जानकारी परिजनों को दी गई। कुछ ही देर में गांव के लोग मौके पर पहुंचे और शिवानी को पानी से बाहर निकाला। उसे बैराड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
