न्यूयॉर्क, 17 जुलाई (वार्ता) दुनिया की सबसे बड़ी शराब निर्माता कंपनी डिएजिओ ने बताया है कि उसकी मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डेब्रा क्रू ने “आपसी सहमति के तहत” नियुक्ति के दो साल बाद ही कंपनी छोड़ दी है।
दुनिया भर में शराब उद्योग में बिक्री में जारी सुस्ती के बीच यह औचक बदलाव सामने आया है। इससे डिएजिओ के ब्रांडों की बिक्री भी प्रभावित हुई है जिनमें जॉनी वाकर व्हिस्की, कैसामिगोस टकीला, गुइनेस बियर शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी को अमेरिका में ऊंची टैरिफ दरों का भी सामना करना पड़ सकता है।
लंदन स्थित कंपनी ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि क्रू तत्काल प्रभाव से कंपनी छोड़ रही हैं।
डिएजिओ के मुख्य वित्तीय अधिकारी निक झान्गियानी को अंतरिम सीईओ बनाया गया है।
क्रू के जून 2023 में सीईओ बनने के बाद से कंपनी के बाजार मूल्यांकन में 44 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है। उन्होंने मई में एक योजना की घोषणा की थी जिसके तहत लागत में 50 करोड़ डॉलर की कटौती की जानी थी तथा तीन साल में कुछ ब्रांडों की बिक्री की जानी थी।
