रीवा:जिले में दिन तथा रात में लगातार बारिश होने से कई क्षेत्रों में जल भराव की समस्या उत्पन्न हो गई. रीवा नगर निगम में घरों तथा निचली बस्तियों से जल भराव से निपटने के लिए नगर निगम की टीम लगातार प्रयास करती रही. ग्राम रौसर में एक घर में पानी भरने की सूचना मिलने पर जनपद तथा होमगार्ड कर्मचारियों ने पहुंचकर जल निकासी की व्यवस्था कराई. लगभग दो घंटों के प्रयासों के बाद जल भराव की समस्या दूर हुई.
लगातार बारिश के कारण डभौरा में मकान क्षतिग्रस्त हो गया. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने एसडीएम तथा तहसीलदार को तत्काल क्षतिग्रस्त मकान का सर्वे करके राहत राशि का प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए. मनगवां तहसील में ग्राम नदहा में जल भराव की समस्या को दूर करने के लिए जनपद और राजस्व विभाग की टीम ने लगातार प्रयास किया. एसडीएम संजय जैन ने नदहा मोड़ तथा मेथौरी में पाइप लगाकर जल निकासी की व्यवस्था कराई. त्योंथर तहसील के ग्राम चंदई में तहसीलदार ने अतिक्रमण हटाकर जेसीबी से जल निकासी की व्यवस्था कराई.
नायब तहसीलदार लालन सिंह ने जनपद और ग्राम पंचायत के कर्मचारियों के सहयोग से ग्राम मझियार में स्कूल परिसर तथा उसके सामने जल भराव की समस्या को दूर कराया. ग्राम पटना में जल भराव को दूर करने के लिए नायब तहसीलदार दिलीप श्रीवास्तव ने जेसीबी से कटाव कराकर जल निकासी कराई. ग्राम रौरा और खीरा में भी बस्तियों से जल भराव को नाली बनाकर दूर किया गया. ग्राम सिरखिनी, चोरगड़ी तथा मढ़ीकला में भी जल भराव की समस्या को दूर किया गया. राजस्व अधिकारी, पुलिस अधिकारी, जनपद तथा ग्राम पंचायत के कर्मचारी एवं होमगार्ड के जवान राहत और बचाव का कार्य तत्परता से कर रहे हैं.
