माधवीराजे सिंधिया पंचतत्व में विलीन, ज्योतिरादित्य ने दी मुखाग्नि

ग्वालियर, 16 मई  केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की माताजी श्रीमती माधवीराजे सिंधिया की आज यहां हजारों लोगों की मौजूदगी में अंत्येष्टि की गयी।
स्थानीय छत्री क्षेत्र में श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी माताजी के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। परिजनों, सगे संबंधियों, राजनेताओं और हजारों लोगों ने नम आंखों से श्रीमती माधवीराजे सिंधिया को अंतिम विदायी दी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने श्रीमती सिंधिया की पार्थिवदेह के दर्शन कर उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, राज्य सरकार के अनेक मंत्रियों, भाजपा नेताओं के अलावा विभिन्न राज्यों से आए नेताओं ने भी श्रीमती सिंधिया को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेस नेता माधवराव सिंधिया की पत्नी श्रीमती माधवीराजे सिंधिया का बुधवार को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया था। वे कुछ समय से अस्वस्थ थीं। उनके पार्थिव शरीर को आज सुबह दिल्ली से यहां लाया गया और आम लोगों के दर्शनार्थ “रानी महल” परिसर में रखा गया। हजारों लोगों ने श्रीमती सिंधिया के अंतिम दर्शन किए और इसके बाद अंतिम यात्रा प्रारंभ हुयी। अंतत: स्थानीय छत्री क्षेत्र में श्रीमती माधवीराजे सिंधिया की अंत्येष्टि की गयी और वे पंचतत्व में विलीन हो गयीं। इसी छत्री क्षेत्र में तत्कालीन सिंधिया रियासत से जुड़े पूर्वजों के समाधिस्थल स्थित हैं।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद सोशल मीडिया के जरिए कहा कि श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की माताजी का महाप्रयाण पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। समाज, महिलाओं और बच्चियों की प्रगति के लिए उनका योगदान सदैव सभी का मार्गदर्शन करता रहेगा।

Next Post

दीवार गिरने से एक बालक की मौत

Thu May 16 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल ,16 मई  मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरागढ़ थाना क्षेत्र के हलालपुरा इलाके में आज दोपहर एक मकान की दीवार अचानक गिर गई, जिससे मलबे में दबकर एक बालक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने […]

You May Like

मनोरंजन