
ग्वालियर। काम समाप्त कर घर जा रहे ठेकेदार की ऑटो में लापरवाह ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। ऑटो में लगी टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि ठेकेदार व ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना गोले का मंदिर चौराहे की है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला कायम कर लिया है। मोनू रजक पुत्र बाबूराम रजक निवासी आनंद नगर बहोड़ापुर सटरिंग का ठेका लेता है। कलेक्ट्रेट के पास अभी इसकी साइट चल रही है। रात को मोनू रजक ने सटरिंग का काम समाप्त किया और लेबर के साथ ऑटो में बैठकर पिंटो पार्क पहुंचा। वहां लेबर को उतारा और उसी ऑटो में बैठकर अपने घर आनंद नगर चल दिया। मोनू रजक अभी गोला का मंदिर चौराहे पर पहुंचा ही था कि तभी मुरैना की तरफ से आ रहे ट्रक नम्बर एमपी 16-जेडएच-9307 के ड्राइवर ने ऑटो में टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से ऑटो गुलाटियां खाते हुए पलट गया। ऑटो पलटने से सटरिंग ठेकेदार मोनू रजक तथा ड्राइवर धर्मेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले जिला अस्पताल तथा बाद में जेएएच में भर्ती कराया गया है।
