नयी दिल्ली, 03 जुलाई (वार्ता) स्टार हर्डलर ज्योति याराजी का 2025 का एथलेटिक्स सत्र प्रशिक्षण के दौरान घुटने में चोट लगने के बाद अचानक समाप्त हो गया।
याराजी ने बुधवार को इंस्टाग्राम पोस्ट में यह दुर्भाग्यपूर्ण खबर साझा की, ”कुछ दिन पहले प्रशिक्षण के दौरान मेरे घुटने में दुर्भाग्यपूर्ण चोट लगने के कारण, मुझे अपने सत्र को रोकना पड़ा है। मैं अपने विकल्पों का आकलन करने और आगे के रास्ते पर निर्णय लेने के लिए अपनी मेडिकल टीम के साथ काम कर रही हूं।”
उसने वादा किया कि वह और मजबूत होकर वापसी करेंगी। उन्होंने कहा, ”चोटें एक एथलीट की यात्रा का हिस्सा हैं और मैं इसे एक और बाधा के रूप में देख रही हूं जिसे मैं जल्द ही आपके समर्थन और आशीर्वाद से दूर करने जा रही हूं। मैं और मजबूत होकर वापसी करूंगी।” भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आदिल जे सुमारिवाला ने पुष्टि की है कि चोट के लिए सर्जरी की आवश्यकता होगी, जिसके कारण ज्योति पूरे सत्र से बाहर रहेंगी।
ज्योति याराजी को आखिरी बार जून में ताइवान एथलेटिक्स ओपन में देखा गया था, जहां उन्होंने 12.99 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता था।
ज्योति महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ की मौजूदा एशियाई चैंपियन भी हैं।
उनकी चोट का मतलब यह भी है कि वह 2025 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग नहीं ले पाएंगी, जो 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो में खेली जाएगी।
