
जबलपुर। कोतवाली थाना अंतर्गत मिलौनीगंज में रहने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके विरोध में परिजनों ने शव रख कर चक्का जाम कर दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन भी दिया जा रहा है लेकिन परिजन कार्रवाई और मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक जोगेंद्र तिवारी पिता लालजी तिवारी 49 वर्ष निवासी मिलौनीगंज का संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया था। परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी।
दो दिन पहले जीरो डिग्री के पास जोगेंद्र घायल अवस्था में मिला था जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था, जहां इलाज के दौरान आज उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने शव रखकर प्रदर्शन किया और हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजा की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है, जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
