काकीनाडा, (वार्ता) आंध्र प्रदेश के श्रम मंत्री वासमसेट्टी सुभाष ने वाईएसआरसीपी के नेता जगनमोहन रेड्डी को मानसिक रूप से बीमार बताया है और कहा है कि उन्हें योगाभ्यास की सख्त जरूरत है।
श्री सुभाष ने शनिवार को रामचंद्रपुरम स्थित अपने कैंप कार्यालय में मीडियाकर्मियों से कहा कि श्री जगन अपने /सिनेमाई संवादों’, ‘रप्पा रप्पा-नरकाटम’ के जरिए कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं और अपने समर्थकों के परिवारों को सांत्वना देने के नाम पर हिंसा भड़काने वाले नारे लगा रहे हैं। उन्होंने कहा, “ऐसा लगता है कि लंदन की दवाएं श्री जगन पर काम नहीं कर रही हैं। उन्हें और उनके लोगों को योगाभ्यास करना चाहिए, ताकि उनकी मानसिक स्थिति ठीक हो जाए।”
उन्होंने कहा कि श्री जगन को आत्मचिंतन करना चाहिए कि गांजा तस्करी, सट्टेबाजी और उपद्रव में शामिल तत्वों की मूर्तियों का अनावरण करके वे समाज को क्या संदेश दे रहे हैं। श्री जगन को इस बोध से बाहर आना चाहिए कि वे अभी भी मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने उन्हें और उनकी पार्टी को एक साल पहले चुनाव में ग्यारह सीटें देकर सिनेमा दिखाया था।
