सतना: रेलवे स्टेशन के बाहर संचालित रेल कोच रेस्टोरेंट, जो कभी यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए 24 घंटे स्वादिष्ट भोजन और विविध फूड आइटम्स का केंद्र था, अब पूरी तरह बंद हो चुका है।रेलवे की नीति के तहत हर साल 10 फीसदी लाइसेंस फीस में वृद्धि के कारण स्थानीय ठेकेदार ने रेस्टोरेंट का संचालन बंद कर दिया। इसके परिणामस्वरूप, यह रेस्टोरेंट अब शराबियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया है, जिससे रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया की स्थिति बद से बदतर हो रही है।पश्चिम मध्य रेलवे के सतना जंक्शन पर ‘रेस्टोरेंट ऑन व्हील्स’ योजना के तहत अक्टूबर 2022 में इस कोच रेस्टोरेंट का शुभारंभ किया गया था।
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन द्वारा संचालित इस रेस्टोरेंट को पुराने एसी कोच को आकर्षक डिजाइन के साथ रेस्तरां में तब्दील करके शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य यात्रियों को ट्रेन जैसे माहौल में भोजन का आनंद देना और स्थानीय लोगों के लिए एक अनूठा खानपान स्थल उपलब्ध कराना था। शुरुआती दिनों में यह रेस्टोरेंट अपनी नवीनता और स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए काफी लोकप्रिय हुआ। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में फाउंटेन और वर्टिकल गार्डन के साथ इसकी खूबसूरती ने इसे आकर्षण का केंद्र बना दिया था। लेकिन, रेलवे की लाइसेंस फीस नीति ने इस रेस्टोरेंट के संचालन को मुश्किल बना दिया।
