इंदौर: कनाड़िया थाना क्षेत्र की आईडीए बिल्डिंग में रहने वाले 35 वर्षीय युवक ने सोमवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक प्रॉपर्टी ब्रोकिंग का काम करता था. पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है.एमवाय से मिली जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय महेश प्रभुदयाल बौरासी निवासी आईडीए बिल्डिंग, कनाड़िया रोड ने देर रात अपने निवास पर फांसी लगाकर जान दे दी.
परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमवाय अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. पुलिस मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और व्यक्तिगत जीवन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है. साथ ही परिजनों व परिचितों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. बताया गया है कि महेश प्रॉपर्टी ब्रोकिंग से जुड़ा था और बीते कुछ समय से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
