सतना :सतना-कटनी रेलखण्ड पर उचेहरा और मैहर रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई.प्राप्त जानकारी के अनुसार उचेहरा और मैहर रेलवे स्टेशन के बीच सुरही मंदिर के निकट से होकर गुजर रहे राहगीरों के पैरों तले जमीन खिसक गई जब उन्हें झाडिय़ों के बीच एक व्यक्ति का शव पड़ा नजर आया. लिहाजा फौरन ही घटना की जानकारी उचेहरा पुलिस को दे दी गई.
इसी कड़ी में स्टेशन मास्टर के जरिए सूचना पुलिस तक पहुंच गए. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि उप ट्रैक के निकट स्थित झाडिय़ों में व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था. पुलिस द्वारा मृतक की पहचान करने का प्रयास किया गया. लेकिन उसे कोई भी पहचान नहीं सका. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा उसे अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया गया. पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष है और शव तकरीबन 2 दिन पुराना लग रहा है. मृतक की पहचान होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही जांच की दिशा निर्धारित हो सकेगी.
