
बैतूल के मुलताई नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित पुराने अस्पताल की शासकीय भूमि पर वर्षों से चले आ रहे कच्चे-पक्के अतिक्रमण को प्रशासन ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए हटा दिया। अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई में एक मदरसे का पक्का भवन, एक मंदिर, टीन शेड व अन्य मकानों को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त किया गया।
सुबह से शुरू हुई इस कार्रवाई को लेकर नगर में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ अतिक्रमण स्थल पर एकत्रित हो गई। नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस की लगभग 150 कर्मचारियों की संयुक्त टीम तीन बुलडोजरों के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की।
प्रशासन के अनुसार, पुराने अस्पताल की भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा चला आ रहा था। अतिक्रमण हटाने से पूर्व अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिए गए थे, लेकिन तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर यह कठोर कदम उठाया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि शासकीय भूमि को पूरी तरह से खाली कराया जा रहा है। आगे इस भूमि का उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाएगा, यह निर्णय उच्च स्तर से निर्देश आने के बाद लिया जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अब किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
