झेंग समेत कई शीर्ष खिलाड़ी फ्रेंच ओपन के अंतिम 16 में

पेरिस, 31 मई (वार्ता) पेरिस ओलंपिक चैंपियन चीन की झेंग किनवेन दूसरी बार फ्रेंच ओपन के महिला एकल के अंतिम 16 में पहुंचीं। उनके अलावा कई शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों ने भी प्री क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनायी।
आठवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी झेंग ने शुक्रवार को 90 मिनट से कम समय में 18 वर्षीय कनाडाई क्वालीफायर विक्टोरिया मोबोको को 6-3, 6-4 से हराया।
झेंग ने मैच के बाद कहा “ मेरा जन्म चीन में बहुत गर्म जगह वुहान मेंर हुआ था। इसलिए मैंने गर्म मौसम को काफी अच्छी तरह से संभाला है। पिछले साल, जब मैंने ओलंपिक खेला, तो यह इससे भी अधिक गर्म था। इसलिए वास्तव में मुझे यह स्थिति पसंद है, लेकिन मैं उन सभी दर्शकों को धन्यवाद देना चाहती हूं, जिन्होंने आज मेरे साथ धूप में कष्ट झेला।”
झेंग ने अपनी युवा प्रतिद्वंद्वी की भी तारीफ करते हुये कहा “ मैं मोबोको को बधाई देना चाहती हूँ। मुझे लगता है कि उसने वाकई बहुत अच्छा खेला, और हमने एक-दूसरे को अपना सर्वश्रेष्ठ टेनिस खेलने के लिए प्रेरित किया। कभी-कभी हमारे पास वाकई अच्छे अंक होते थे। यह कोई आसान मैच नहीं था।”
बेलारूस की शीर्ष वरीयता प्राप्त आर्यना सबालेंका ने भी सर्बिया की ओल्गा डैनिलोविच पर 6-2, 6-3 से जीत हासिल करके लगातार तीसरे साल टूर्नामेंट के चौथे दौर में प्रवेश किया।
पोलैंड की चार बार की विजेता इगा स्वियाटेक ने रोमानिया की जैकलीन क्रिस्टियन की चुनौती को सीधे सेटों में पार करते हुए टूर्नामेंट में अपनी जीत का सिलसिला 24 मैचों तक बढ़ाया।
उन्होने कहा “ मैं खुश हूं कि मैंने आखिरी गेम में शानदार प्रदर्शन किया और कोई भी मुफ्त अंक नहीं दिया। यह एक शानदार मैच था और मुझे लगता है कि यह काफी मनोरंजक था। हम दोनों ने अच्छा खेला। मैं खुश हूं कि मैं आगे बढ़ गई हूं और अपने प्रदर्शन से खुश हूं।”
पिछले साल की फाइनलिस्ट इटली की जैस्मीन पाओलिनी ने यूक्रेन की लकी लूजर यूलिया स्टारोडुबत्सेवा को 6-4, 6-1 से हराकर क्ले पर अपनी नौवीं लगातार जीत दर्ज की।
पाओलिनी ने कहा “ पहले कुछ गेम कठिन थे। मुझे परिस्थितियों के साथ थोड़ा सा तालमेल बिठाना पड़ा, लेकिन फिर मैं कोर्ट पर बेहतर महसूस करने लगी। रोलांड गैरोस में चौथे दौर में पहुंचकर खुश हूं।”
पुरुषों की ओर से, स्पेन के गत पुरुष चैंपियन कार्लोस अल्काराज़ ने बोस्नियाई दामिर दज़ुमहुर से कड़ी चुनौती का सामना करते हुए अंततः 6-1, 6-3, 4-6, 6-4 से जीत दर्ज की। स्पेनिश खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए अमेरिकी बेन शेल्टन से भिड़ेगा।
इस बीच, 10वीं वरीयता प्राप्त होल्गर रूण ने पीछे से वापसी करते हुए घरेलू पसंदीदा क्वेंटिन हेलिस को 4-6, 6-2, 5-7, 7-5, 6-2 से हराया। डेन अब लगातार चौथे साल रोलांड गैरोस में 16वें राउंड में पहुंच गये हैं। अगले राउंड में उनका सामना आठवीं वरीयता प्राप्त लोरेंजो मुसेट्टी से होगा।

Next Post

मांडविया ‘फिट इंडिया तिरंगा साइकिल रैली’ का करेंगे

Sat May 31 , 2025
नयी दिल्ली, 31 मई (वार्ता) केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया राजधानी में ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 25 वां संस्करण का रविवार को नेतृत्व करेंगे जिसे पूरे देश में तिरंगा रैली के रूप में पूरे देश में मनाया जाएगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की […]

You May Like