भोपाल: लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति को मध्यप्रदेश की पुण्य भूमि के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर की जयंती को महिला सशक्तिकरण दिवस के रूप में मनाना प्रेरणादायक निर्णय है। लोकमाता ने सुशासन, न्यायप्रियता और नैतिक प्रशासन के उच्च मानक स्थापित किए।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की शासन शैली की तुलना अहिल्याबाई के आदर्शों से करते हुए कहा कि मोदीजी राष्ट्रभक्ति, सेवा और सनातन संस्कृति के लिए समर्पित हैं। उन्होंने रानी दुर्गावती, रानी अवंतीबाई और राजमाता सिंधिया के योगदान को भी रेखांकित किया, जिन्होंने राष्ट्र की अस्मिता के लिए कठिनाइयों का सामना किया।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर लोकतंत्र की शक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया है। उन्होंने 2014 से अब तक भारत की आर्थिक प्रगति, आतंकी हमलों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और सामाजिक उत्थान के प्रयासों की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी इन चार स्तंभों के जीवन में बदलाव लाना सरकार की प्राथमिकता है।
