इस्लामाबाद, 30 मई (वार्ता) पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बारिश और तूफानी हवाओं ने भयंकर तबाही मचाई है। इन मौसमी घटनाओं में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई जबकि 10 अन्य घायल हो गये। यह जानकारी बचाव अधिकारियों ने शुक्रवार को दी।
प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के प्रवक्ता ने बताया कि गुरुवार शाम खैबर पख्तूनख्वा में बारिश और तेज़ हवाओं के कारण मानवीय और भौतिक नुकसान हुआ है। रेस्क्यू 1122 खैबर पख्तूनख्वा के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी के अनुसार प्रांत में अत्यधिक भारी बारिश के बीच बिजली गिरने एवं संरचनाओं के गिरने से चार लोगों की मौतें हुयी और अन्य 10 घायल हो गये।
बचाव अधिकारी ने कहा कि घटना के बाद वे घटनास्थल पर पहुंच गए और शवों तथा घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में पहुंचाया। उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर आपदा टीमें भी अवरुद्ध सड़कों को साफ करने में जुटी हैं।
गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में देश के कई हिस्सों में तेज हवाओं और तूफानों के कारण 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।
