श्योपुर: श्योपुर में बीती देर रात शराब के नशे में धुत एक स्कार्पियो ड्राइवर ने शहर की सड़क पर कोहराम मचा दिया. नशे में धुत्त इस व्यक्ति ने एक के बाद एक कई लोगों को स्कॉर्पियो से टक्कर मारी. इसके बाद तेज रफ्तार में गाड़ी को भगाकर ले जाने की कोशिश की. सड़क किनारे खड़ी कई बाइक पर गाड़ी चढ़ाने के बाद आरोपी ने ट्रैक्टर ट्रॉली में गाड़ी को ठोक दिया. गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी की जान तो नहीं गई. लेकिन, एक महिला सहित 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ग्वालियर के लिए रेफर किया गया है.
आरोपी गाड़ी ड्राइवर को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. मामला शहर की हिंदू धर्मशाला के सामने वाली मुख्य सड़क का है. यहां ब्लैक कलर की एक स्कॉर्पियो का ड्राइवर शराब के नशे में इतना ज्यादा नशे में था कि उससे गाड़ी संभालना मुश्किल हो गया. देखते ही देखते आरोपी सड़क पर जा रहे लोगों को गाड़ी से ठोकने लगा.
आरोपी ने करीब 4 लोगों को गाड़ी से टक्कर मारी, जिनमें से 2 को बेहद नाजुक हालत में ग्वालियर रेफर किया है. सड़क किनारे खड़ी कई बाइक को भी आरोपी ड्राइवर ने नशे की हालत में स्कॉर्पियो से ठोक दिया. शहर की इस व्यस्त सड़क पर लोगों की खासी भीड़ थी. इस वजह से गाड़ी को देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई. बाद में ट्रैक्टर ट्राली में गाड़ी टकराने के बाद स्कॉर्पियो का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.
