मुरैना: जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन के तहत सिविल डिफेंस की तैयारी की। इसके परीक्षण के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में मॉकड्रिल हुआ। इस दौरान बम होने की सूचना के आधार पर परिसर को खाली कराया गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।यह मॉकड्रिल अचानक और पूर्व सूचना के बिना आयोजित की गई थी, जिससे जिला कलेक्ट्रेट में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह से चौंक गए।
जैसे ही बम की सूचना प्रशासन को मिली, तुरंत सभी कार्यालयों को खाली कराकर कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। इसके बाद जिला पुलिस को सूचित किया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। मौके पर पहुंची डॉग स्क्वॉड टीम लगभग 3 से 5 मिनट के भीतर टीमें कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंच गईं और तलाशी अभियान शुरू किया गया। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इस पूरे ऑपरेशन में करीब 20 मिनट लगे, जिसके बाद परिसर को सुरक्षित घोषित किया गया।
