इंदौर:एमआईजी पुलिस ने एक युवती को फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के जरिए बदनाम करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने न केवल युवती के एडिटेड फोटो पोस्ट किए, बल्कि उसके रिश्तेदारों को भी अश्लील व अभद्र मैसेज भेजे, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.24 वर्षीय युवती दीपिका (बदला हुआ नाम) ने शुक्रवार चार अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी कि “पटेल पथ” नामक एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से उसकी एडिट की गई तस्वीरें पोस्ट की जा रही हैं.
यही नहीं, उस अकाउंट से उसके कुछ रिश्तेदारों को भी आपत्तिजनक संदेश भेजे गए है. जब दीपिका ने खुद उस अकाउंट से संपर्क किया, तो आरोपी ने उसे धमकाते हुए कहा कि “यह तो सिर्फ शुरुआत है.” जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्य मिले कि यह अकाउंट एक ऐसी सिम से संचालित हो रहा है जो रामबाबू दांगी, निवासी राजगढ़, के नाम पर खरीदी गई थी.
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रामबाबू को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह दीपिका को पसंद करता था, लेकिन उसकी अनदेखी से नाराज होकर उसे बदनाम करने के इरादे से यह कृत्य किया. दीपिका मूल रूप से राजगढ़ की रहने वाली है और इंदौर में रहकर नौकरी कर रही है. पुलिस अब आरोपी के मोबाइल व सोशल मीडिया गतिविधियों की विस्तृत जांच कर रही है ताकि इस मामले से जुड़ी अन्य जानकारियाँ भी सामने आ सकें
