
जबलपुर। कोई आगे चलकर इंजीनियर बनना चाहता है, तो कुछ डॉक्टर बनके देश और समाज की सेवा करेगा, इसके साथ ही कुछ बिजनेस शुरू करना चाहता है, ऐसी ही कुछ बातें सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंड्री एजुकेशन (सीबीएसई) द्वारा मंगलवार को कक्षा दसवीं व बारहवीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद जिले के अंदर मेरिट में आए छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताए। जानकारी के अनुसार कक्षा कक्षा 10वीं में 93.66 एवं कक्षा 12वीं में 88.39 प्रतिशत स्टूडेंट पास हुए हैं।
मंगलवार को परिणाम घोषित होने के चलते सुबह से ही पास होने वाले छात्र-छात्राएं एक दूसरे को बधाई देते नजर आए। स्कूल परिसरों से लेकर साइबर कैफे आदि में परिणाम देखने छात्र-छात्राओं की भीड़ लगी रही। यहां तक की छात्र-छात्राएं एक दूसरे का रोल नम्बर भी वेबसाइट पर खंगालते नजर आए। जिनको अपेक्षा के अनुरुप परिणाम नहीं मिले वे मायूस नजर आए।
इन्हें मिली सफलता, बताए अनुभव
बारहवीं कक्षा के अक्षत जैन को 97.6 प्रतिशत मिले हैं, उन्होंने बताया कि वह एनसीईआरटी की किताबों से पढ़ाई करते थे। मुझे लगता है कि अगर स्वयं पर आत्मविश्वास रखा तो आसानी से सफलता पाई जा सकती है। जेईई एडवांस की परीक्षा देनी है। मैं एक अच्छा इंजीनियर बनना चाहता हूं, जिसके लिए मेहनत कर रहा हूं। मां का नाम सोनाली व पिता का नाम प्रवीण है। पिता बिजनेस मैन व मां हाउस वाइफ है। सफलता का श्रेय माता-पिता व शिक्षकों को देना चाहता हूं।
डॉक्टर बनना चाहती हूं
पुष्टि शर्मा को 94.4 प्रतिशत प्राप्त हुए है। पुष्टि ने कक्षा बारहवीं में बायो विषय लेकर पढ़ाई की। पुष्टि डाक्टर बनना चाहती है। जिसके लिए वे नीट की परीक्षा की तैयारी कर रही है। पुष्टि की मां डॉ रिचा शर्मा मेडिकल कालेज में उपअधीक्षिका व पिता डॉ अरविंद शर्मा मेडिकल कालेज में अधीक्षक के पद पर कार्यरत है। बड़ी बहन भी मेडिकल फील्ड में है। पुष्टि ने बताया कि वह माता- पिता की तरह पुष्टि भी मेडिकल क्षेत्र में जाकर समाज के लोगो की सेवा करना चाहती हैं।
बचपन से ही सीए बनने का सपना
मुस्कान आहूजा को बारहवीं में 96.6 प्रतिशत मिले हैं। उन्होंने बताया कि उनको पढ़ाई में बड़े भाई प्रखर का पूरा सहयोग रहा है। भाई हमेशा ही पढ़ाई के लिए मार्गदर्शन देते थे। अपनी सफलता का श्रेय भाई को देना चाहती हूं। अब सीए की तैयारी कर रही हूं। बचपन से ही सीए बनने का सपना था। इसलिए मेहनत व लगन से पढ़ाई की। पापा मुकेश बिजनेस मैन व मम्मी भावना हाउस वाइफ है। परीक्षा के समय छह से सात घंटे प्रतिदिन पढ़ाई करती थी।
अविरल को गणित विषय में 100 में 100 नंबर
सीबीएसई बोर्ड के कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम में भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के कोषाध्यक्ष एवं गेल इंडिया के स्वतंत्र निदेशक सीए अखिलेश जैन एवं एड. वर्षा जैन के सुपुत्र अविरल जैन ने दसवीं कक्षा में 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इन्हें गणित विषय में 100 में 100 नंबर मिले हैं।
अनुकृति विश्वकर्मा
स्वर्गीय अंजनी कुमार और तेजल विश्वकर्मा की सुपुत्री और इशिता विश्वकर्मा की छोटी बहन कुमारी अनुकृति विश्वकर्मा ने 10 सीबीएसई बोर्ड में 91 प्रतिशत लाकर अपना और पूरे परिवार का नाम रोशन किया है।
अश्विन मिश्रा
अश्विन मिश्रा ने 12 वीं सीबीएसई मैथ्स ग्रुप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 94 प्रतिशत अंक हांसिल किये। इन्होंने हाल ही में आईआईटी जेईई मेंस में 99.83 प्रतिशत हासिल किए हैं। अश्विन आयुध निर्माणी जबलपुर में कार्यरत कनिष्ठ कार्य प्रबंधक पंकज मिश्रा एवं चारु मिश्रा के पुत्र हैं।
शौर्यमन पटेल
स्टेमफील्ड स्कूल विजयनगर के शौर्यमन पटेल ने बायलॉजी में 86 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। शौर्यमन कछपुरा निवासी अशोक पटैल, सुमन पटैल के सुपुत्र हैं। आगे वे चिकत्सा के क्षेत्र मेें जाकर माता-पिता का नाम रोशन करना चाहते हैं।
आरव श्रीवास्तव
केंद्रीय विद्यालय जबलपुर के कक्षा 10वीं के छात्र आरव श्रीवास्तव ने 92.2 प्रतिशत लाकर विद्यालय व माता-पिता का नाम रोशन किया।
