नयी दिल्ली (वार्ता) भारत और कोरिया के बीच खेल और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए कोरियन कल्चरल सेंटर इंडिया (केसीसीआई) ने ताइक्वांडो प्रशिक्षण के नए बैच की शुरुआत की है। इस पहल में भारत के 45 स्कूलों के 3,195 छात्र शामिल हुए हैं। इसके तहत वर्ष 2021 से अब तक नौ हजार से अधिक छात्रों को ताइक्वांडो सिखाया जा चुका है।
ताइक्वांडो कोरिया का पारंपरिक मार्शल आर्ट है यह शारीरिक और मानसिक मजबूती विकसित करने में मदद करता है। यह खेल 1988 के सियोल ओलंपिक में पहली बार प्रदर्शनी के रूप में शामिल हुआ और 2000 के सिडनी ओलंपिक में आधिकारिक ओलंपिक खेल बना। आज यह खेल दुनियाभर में लोकप्रिय है, और भारत में इसका तेजी से विस्तार हो रहा है।
इस अवसर पर भारत ताइक्वांडो के अध्यक्ष नामदेव संपत शिरगांवकर ने कहा, “हम भारत में ताइक्वांडो की स्थिति को और मजबूत करना चाहते हैं और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाना हमारा मुख्य लक्ष्य है। विश्व ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2025 और लॉस एंजेलेस ओलंपिक 2028 के लिए हमारी तैयारियां जारी हैं।”
केसीसीआई के निदेशक ह्वांग इल योंग ने कहा, “हम भारत में ताइक्वांडो को एक लोकप्रिय और सुलभ खेल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
