श्रीनगर, 10 मई (वार्ता) सीज़फायर के घंटों बाद श्रीनगर और कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में कई विस्फोटों की आवाज सुनी गई, जिनमें ड्रोन हमले से होने की आशंका है।
यह जानकारी अधिकारियों ने शनिवार रात दी। ये विस्फोट भारत और पाकिस्तान द्वारा तत्काल प्रभाव से युद्ध विराम पर सहमति जताने के कुछ घंटों बाद सुने गए।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आश्चर्य व्यक्त किया कि कुछ घंटे पहले दोनों पक्षों के बीच हुए संघर्ष विराम समझौते का क्या हुआ।
उन्होंने एक्स पर कहा कि “आखिर संघर्ष विराम को क्या हुआ क्योंकि श्रीनगर में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं!” उन्होंने कहा,“यह कोई युद्धविराम नहीं है। श्रीनगर के मध्य में हवाई रक्षा इकाइयों ने गोलीबारी शुरू कर दी है।”
इन विस्फोटों में किसी के घायल होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है। विस्फोट के कारण श्रीनगर और घाटी के कुछ अन्य जिलों में ब्लैकआउट किया गया।
