नेतन्याहू ने रद्द की अजरबैजान की प्रस्तावित यात्रा

यरूशलम, 04 मई (वार्ता) इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अजरबैजान की अपनी यात्रा स्थगित कर दी है।

इजरायल के प्रधानमंत्री के कार्यालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। पीएमओ की ओर से जारी बयान में बताया गया कि श्री नेतन्याहू की पांच दिवसीय यात्रा बुधवार को शुरू होने वाली थी। बयान में कहा गया, “गाजा पट्टी और सीरिया में घटनाक्रमों और व्यस्त राजनीतिक तथा सुरक्षा कार्यक्रम के कारण प्रधानमंत्री ने अजरबैजान की अपनी यात्रा को अगली तारीख तक स्थगित करने का फैसला किया है।”

यह यात्रा 7-11 मई तक निर्धारित थी, जिसमें श्री नेतन्याहू अजरबैजानी राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव से मिलने वाले थे। इजरायल और अजरबैजान ने सुरक्षा और ऊर्जा संबंधों को मजबूत करने के लिए अच्छे संबंध बनाए रखा है। यात्रा के स्थगित होने का कारण गाजा और सीरिया में बढ़ते तनाव को बताया गया है।

इजरायली समाचार वेबसाइट वाल्ला और अन्य इजरायली मीडिया संस्थानों ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि यात्रा रद्द करने का कारण तुर्की द्वारा श्री नेतन्याहू के विमान को अजरबैजान की राजधानी बाकू जाने के लिए अपने क्षेत्र से उड़ान भरने की अनुमति न देना है। श्री नेतन्याहू के करीबी सूत्रों का हवाला देते हुए वेबसाइट ने कहा कि उनके कार्यालय ने वैकल्पिक उड़ान मार्गों के माध्यम से उड़ान भरने की संभावना पर भी विचार किया था। इससे उड़ान की अवधि लगभग दोगुनी हो जाती। इस वजह से यात्रा को रद्द करने का निर्णय लिया गया।

गौरतलब है कि 2023 में इजरायल-हमास संघर्ष के फैलने के बाद से, इजरायल और तुर्की के बीच संबंध खराब हो गए हैं, जिसके कारण राजदूतों को वापस बुला लिया गया है और व्यापार संबंधों को तोड़ दिया गया है।

Next Post

मांडविया ने शिक्षकों के साथ चलाई साइकिल

Sun May 4 , 2025
नयी दिल्ली, 04 मई (वार्ता) केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया की अगुवाई में रविवार सुबह आयोजित फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के नवीनतम संस्करण में शिक्षकों, एथलीटों, फिट इंडिया प्रभावितों और फिटनेस प्रेमियों सहित 750 प्रतिभागियों ने भाग लिया। आज यहां मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में अयोजित ‘शिक्षकों के […]

You May Like