भिंड: चंबल क्षेत्र की उपेक्षा और विकास की धीमी गति को लेकर एक बार फिर जनआंदोलन की आहट सुनाई देने लगी है। 4 मई को भिंड जिले के फूप कस्बे में चंबल प्रदेश बनाने की मांग को लेकर जनजागरण महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। इस मुहिम की अगुवाई मुरैना के पूर्व विधायक रविंद्र सिंह तोमर भिड़ौसा कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि चंबल राज्य के गठन की मांग अब एक व्यापक जनांदोलन का रूप ले रही है, जिसकी शुरुआत फूप से की जा रही है। पूर्व विधायक तोमर ने बताया कि प्रस्तावित चंबल प्रदेश में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान के कुल 21 जिलों को शामिल करने की मांग की जाएगी। इनमें मप्र, यूपी और राजस्थान के 7-7 जिले होंगे। इस नए राज्य की अनुमानित जनसंख्या लगभग 6 करोड़ होगी।
