पाकिस्तान एक “विफल राष्ट्र” है: फारूक अब्दुल्ला

श्रीनगर 01 मई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बढ़ते तनाव के बीच गुरुवार को पाकिस्तान को ‘विफल राष्ट्र’ की संज्ञा दी।

संवाददाताओं से बात करते हुए श्री अब्दुल्ला ने मौजूदा भू-राजनीतिक माहौल पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “दोनों देश कल की लड़ाई की तैयारी कर रहे हैं और अगर परमाणु शक्ति का इस्तेमाल किया गया तो केवल भगवान ही जानता है कि क्या होगा।”

उन्होंने कहा कि वैश्विक शक्तियां टकराव को रोकने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन सवाल उठता है कि ये प्रयास कितने सफल होंगे।

श्री अब्दुल्ला ने पाकिस्तान की आंतरिक स्थिति और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उसकी कार्रवाइयों पर चर्चा करते हुए अपनी बात बेबाकी से रखी।

नेकां अध्यक्ष ने कहा, “ पाकिस्तान एक विफल देश है। अपने देश को ठीक करने और हालात को सुधारने के बजाय वे ऐसी कार्रवाइयों में शामिल हो रहे हैं, जिनके वैश्विक परिणाम होंगे। उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।”

उन्होंने दोनों पड़ोसियों के बीच किसी भी वास्तविक शांति में खलल डालने के लिए पाकिस्तानी सेना की भूमिका की ओर भी इशारा किया।

श्री अब्दुल्ला ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध कभी सुधरेंगे, जब तक कि पाकिस्तान में सेना पीछे नहीं हट जाती। पाकिस्तान के लोग शांति चाहते हैं, लेकिन उनके शीर्ष नेतृत्व नहीं चाहते।”

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में एक सच्ची जनता की सरकार सुलह का मार्ग प्रशस्त कर सकती है।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने जाति जनगणना की लंबे समय से चली आ रही मांग का समर्थन करते हुए कहा, “यह अच्छी बात है। देश में कितने मुस्लिम, हिंदू, सिख, ईसाई या अन्य लोग हैं, यह पता लगाने में कुछ भी गलत नहीं है।”

Next Post

पूर्वी उप्र में आंधी बारिश से फसल चौपट,चार मरे

Thu May 1 , 2025
लखनऊ, 1 मई (वार्ता) गोरखपुर और बस्ती समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को आंधी और बारिश ने कहर बरपाया। मौसम जनित हादसों में चार लोगों की मृत्यु की सूचना है वहीं सैकड़ों एकड़ फसल को भी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने बेमौसम बारिश, आंधी, […]

You May Like