मध्यप्रदेश में नौ संसदीय क्षेत्रों में मतदान प्रारंभ

भोपाल, 07 मई (वार्ता) लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत आज मध्यप्रदेश के नौ संसदीय क्षेत्रों में सुबह सात बजे 20 हजार से अधिक मतदान केंद्रों पर मतदान प्रारंभ हो गया। इन नौ क्षेत्रों में कुल 127 प्रत्याशियों की किस्मत दाव पर लगी है, जिनमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी शामिल हैं। प्रत्याशियों में नौ महिलाएं भी शामिल हैं।

मुरैना, भिंड (अजा), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ और बैतूल (अजजा) संसदीय क्षेत्रों में भीषण गर्मी के बीच वोट डाले जाएंगे। मतदान शुरू होेने के पहले सुबह साढ़े पांच बजे से मॉक पोल की कार्यवाही की गयी।

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार शाम छह बजे तक कुल एक करोड़ 77 लाख 52 हजार 583 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे, जिनमें 92 लाख 68 हजार 987 पुरुष और 84 लाख 83 हजार 105 महिलाएं शामिल हैं। कुल 491 मतदाता अन्य श्रेणी के हैं। तीसरे चरण के लिए आयोग ने 20 हजार 456 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिनमें से 101 सहायक मतदान केंद्र भी शामिल हैं। कुल पांच हजार 744 मतदान केंद्र क्रिटिकल मतदान केंद्र के तौर पर चिह्नित किए गए हैं। 585 वल्नरेबल क्षेत्रों का चिन्हांकन किया गया है और बाधा पहुंचाने वाले 1 हजार 746 संभावित व्यक्तियों की पहचान की जाकर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।

इस चरण में सभी की निगाहें मुख्य रूप से गुना, विदिशा और राजगढ़ संसदीय क्षेत्र में लगी हुयी हैं, जहां से क्रमश: केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (भाजपा), पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (भाजपा) और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (कांग्रेस) चुनाव मैदान में हैं। श्री सिंधिया का गुना में मुख्य मुकाबला कांग्रेस के राव यादवेंद्र सिंह से है, जबकि भाजपा के मजबूत गढ़ विदिशा में कांग्रेस ने श्री चौहान के सामने श्री प्रतापभानु शर्मा और राजगढ़ से श्री सिंह के सामने भाजपा ने मौजूदा सांसद रोडमल नागर पर दांव खेला है।

इन नौ संसदीय क्षेत्रों में कुल 127 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर लगी है। इनमें सर्वाधिक भोपाल संसदीय क्षेत्र से 22 और सबसे कम भिंड क्षेत्र से सात प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। मतदान निष्पक्ष और निर्विघ्न तरीके से कराने के लिए सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

मध्यप्रदेश में कुल चार चरणों में मतदान प्रस्तावित किया गया है। मंगलवार को तीसरे चरण के बाद शेष आठ संसदीय क्षेत्रों में मतदान 13 मई को चौथे चरण में होगा। शुरूआती दो चरणों के तहत 12 संसदीय क्षेत्रों में मतदान हो चुका है।

Next Post

बिहार में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण की पांच सीटों पर मतदान शुरू

Tue May 7 , 2024
पटना 07 मई (वार्ता) लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत बिहार के पांच संसदीय क्षेत्र झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा और खगड़िया में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा और खगड़िया संसदीय क्षेत्र में […]

You May Like