भोपाल। राजधानी के भोपाल रेल्वे स्टेशन पर पीक समय में भीड़ बढऩे से हादसा न हो इसके लिए स्टेशन के अंदर भी भीड़ को काबू पाने के लिए होल्डिंग एरिया बनाए जाने वाले है. स्टेशन के भीतर जाने वाले संकरे रास्तों के साथ एंट्री और एग्जिट प्वाइंट भी चिह्नित होंगे, ताकि भीड़ को उनके जरिए डाइवर्ट किया जा सके। यह प्लान ना सिर्फ भोपाल बल्कि भोपाल के आस पास के जि़ले जैसे बीना, इटारसी, पर भी बनने वाला है.रेल मंत्रालय ने देश के 60 से ज्यादा भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू करने को कहा है। गर्मी के सीजन से ही ये प्लान लागू कर दिया जाएगा, ताकि आने वाले त्योहारों के दौरान होने वाली भीड़ के लिए एक्सरसाइज कर ली जाए। हाल में भोपाल स्टेशन पर सीहोर के कुबेरेश्वर धाम से लौटने वाले श्रद्धालुओं के लिए क्राउड मैनेजमेंट करके देखा जा चुका है। यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर रोकेंगे। इसके लिए प्लेटफार्म के एक सिरे पर कनात और बैरिकेड लगाकर होल्डिंग एरिया बनाएंगे। जबकि दोनों एंट्री के बाहर की ओर वाटरप्रूफ टेंट लगाए जाएंगे।
इस प्रकार होंगे इंतज़ाम
भोपाल जंक्शन पर एफओबी, एस्केलेटर, बुकिंग हॉल गेट यह कुछ ऐसे स्थान है जहाँ अक्सर भीड़ काफी रहती है.जिससे यह रास्ते संकरे हो जाते है इन रास्तों पर आरपीएफ, जीआरपी, टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ बैरिकेडिंग कर भीड़ के फ्लो को रोका जा सकेगा। दो-दो अतिरिक्त एंट्री और एग्जिट भी बनाए जाएंगे। क्राउड मैनेजमेंट के लिए विभिन्न दिशाओं वाली ट्रेनों को देखते हुए भी प्लेटफॉर्म की दिशा का चयन कर लिया जाएगा।
