जबलपुर: ग्वारीघाट थाना अंतर्गत जिलहरी घाट में क्षत-विक्षत हालत में एक लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के हाथ का एक पंजा भी गायब है। मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। सूचना पर पहुंची पुलिस मर्ग कायम कर मामले की छानबीन में जुट गई है।जानकारी के मुताबिक राजेश बर्मन पिता स्व छेदी लाल बर्मन (51) निवासी पुराने रेल्वे स्टेशन के सामने ग्वारीघाट ने पुलिस को सूचना दी कि जिलहेरी घाट कुण्ड के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू की। शव बुरी तरह डिकंपोज हो चुका था साथ ही बायां हाथ का पंजा भी नही था। मृतक कौन है और कहां का रहने वाला है साथ ही उसने आत्महत्या की है या वह किसी हादसे का शिकार हुआ है, समेत अन्य बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। मृतक की शिनाख्तगी के प्रयास जारी हैं।
