सीधी के उपनी के हादसे के 6 घायल जबलपुर रेफर किया,गांव में मातम के बीच एक साथ जली चार चिताएं 

सीधी। सीधी सडक़ हादसे में मैहर मातारानी का दर्शन और मुण्डन का उत्साह मातम में बदल गया। सीधी के उपनी में हुये दर्दनाक सडक़ हादसे में 8 लोगो की मौत, 13 गंभीर घायलों में से 6 घायलों को रीवा से जबलपुर रेफर करने के बाद मृतकों के गांव में मातम छाया हुआ है।

आज मृतकों के अंतिम संस्कार के दौरान उनके गांव में काफी मातम का माहौल नजर आया। देवरी गांव में तो 4 मृतक महिलाओं के शव के लिये 4 चिताएं जली। वहीं पड़रिया में 3 एवं अमिलिया में एक मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों के साथ अन्य लोगों की भी काफी भीड़ जमा रही। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमान सिंह पटेल भी शोक संवेदना व्यक्त करने के लिये पहुंचे।

बताते चलें कि राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 में उपनी गांव के पेट्रोल पंप के समीप सोमवार भोर के पहले रात करीब 2:30 बजे तेज रफ्तार में बल्कर एवं तूफान जीप की हुई टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई तथा 13 घायल हो गए। हादसे में सभी प्रभावित जीप में सवार थे। यह सभी बच्चे का मुंडन कराने के लिए मां शारदा देवी मंदिर मैहर जा रहे थे। दिल दहला देने वाले भीषण सडक़ हादसे में घटनास्थल पर ही 7 लोगों की मौत हो चुकी थी। जबकि गंभीर रूप से एक घायल की जिला अस्पताल से रीवा रेफर के दौरान मौत हो गई। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के पश्चात गंभीर रूप से घायल 9 लोगों को रीवा रेफर कर दिया गया था। रीवा में गंभीर रूप से घायल शिवशंकर पिता राजमणि साहू 22 वर्ष निवासी पड़रिया की मौत हो जाने के बाद मृतकों का आंकड़ा 8 हो गया। रीवा से 6 घायलों को जबलपुर रेफर कर दिया गया। वहीं मेडिकल कालेज अस्पताल रीवा में समुचित उपचार न मिलने से घायल आरती साहू को परिजनों द्वारा प्रार्थना हास्पिटल रीवा में एडमिट करा दिया गया। परिजनों का कहना है कि प्राइवेट अस्पताल में उपचार के दौरान 1 लाख 35 हजार रूपये जमा करा लिये गये। वहीं मेडिकल कालेज अस्पताल रीवा में एक घायल का उपचार हो रहा है।

शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे पूर्व मंत्री

पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने सडक़ हादसे के मृतकों के अंतिम संस्कार में पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। देवरी गांव में पवित्र सोन नदी के किनारे आज एक ही परिवार के चार चिताओं को एक साथ मुखाग्रि देते समय हृदय विदारक दृश्य को देखकर सभी की आंखे नम हो गयी। चारों चिताएं मृतक महिलाओं की थी। वहीं सडक़ हादसे में उपचार के लिये भर्ती पति शिव नारायण साहू, पत्नी श्रीमती आरती साहू मौहरिया एवं अन्य घायलों से मिलकर पूर्व मंत्री उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

इधर,

देवरी गांव में आज पवित्र सोन नदी के तट पर चार महिलाओं की चिताओं को एक साथ मुखाग्रि दी गई। यह चिताएं श्रीमती ऐतवरिया साहू पति दीनदयान साहू, श्रीमती सुखरजुआ साहू पति समयलाल साहू, श्रीमती सुशीला साहू पति लालमणि साहू, श्रीमती फूलकली साहू पति तीरथ साहू की थीं। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मौके पर मौजूद लोग उन्हें ढाढ़स बधाते रहे।

इनका कहना है

उपनी सडक़ हादसे के सभी 8 मृतकों के अंतिम संस्कार कर दिये गये हैं। देवरी में आज चार मृतक महिलाओं के अंतिम संस्कार हुये। मृतकों में 3 पड़रिया, 1 अमिलिया एवं 4 देवरी के थे। सडक़ दुर्घटना को लेकर लोगों में काफी मातम देखा गया।

राकेश बैस, थाना प्रभारी बहरी

Next Post

मध्यप्रदेश सरकार ने पेश किया दूसरा अनुपूरक बजट

Tue Mar 11 , 2025
भोपाल, 11 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने आज विधानसभा में वित्त वर्ष 2024-25 के द्वितीय अनुपूरक बजट को पेश किया, जिसमें 19 हजार करोड़ रुपयों से अधिक की राशि का प्रावधान है। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने बजट सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को निर्धारित प्रक्रिया […]

You May Like